
न्यूजीलैंड दौरे पर पहुंची पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है. पाकिस्तान के छह खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. इस बात की जानकारी न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने दी है. कोरोना पॉजिटिव पाए गए इन सभी खिलाड़ियों को क्वारंटाइन कर दिया गया है. पाकिस्तान की टीम को न्यूजीलैंड में 3 टी20, दो टेस्ट मैच खेलने हैं. पहला टी20 18 दिसंबर से शुरू होना है.
इससे पाकिस्तानी टीम के अंदर खलबली मच गई है. साथ ही न्यूजीलैंड सरकार भी सकते में आ गई है, क्योंकि वहां कोरोना के मामले शून्य के बराबर हैं. न्यूजीलैंड सरकार का कहना है कि जांच पूरी हो जाने तक आइसोलेशन के दौरान भी खिलाड़ियों की ट्रेनिंग प्रक्रिया रोक दी गई है. प्रशासन का कहना है कि जिन छह खिलाड़ियों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है. उन्हें कठोर क्वारंटाइन में रहना होगा.
53 खिलाड़ियों की टीम रवाना हुई थी
न्यूजीलैंड के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि लाहौर से रवाना होने के पहले सभी 53 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के लक्षणों की निगरानी की गई थी. 24 नवंबर को न्यूजीलैंड के शहर क्राइस्टचर्च पहुंचने पर उनकी कोरोना जांच की गई. इनमें से छह की रिपोर्ट पॉजिटिव आई. इनमें दो खिलाड़ियों को काफी पहले से कोरोना संक्रमण होने की आशंका जताई गई है.
चार बार खिलाड़ियों का कोरोना टेस्ट होगा
न्यूजीलैंड सरकार का कहना है कि अब आइसोलेशन के दौरान भी कम से कम चार बार खिलाड़ियों का कोरोना टेस्ट होगा. साथ ही सारे खिलाड़ियों को अपने कमरों में ही रहना होगा. सरकार के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में पाया गया कि कड़ी हिदायतों के बावजूद कई खिलाड़ियों ने आइसोलेशन के नियमों को तोड़ते हुए इधर-उधर घूमते नजर आए.