
कोरोना संक्रमण काल में शरीर के जिस सिस्टम या तंत्र पर लोगों का सबसे ज्यादा ध्यान गया है, वह है हमारा इम्यून सिस्टम यानी हमारी इम्यूनिटी यानी रोग प्रतिरोधक क्षमता। हमारी इम्यूनिटी ही है, जो हमें बीमारियों से बचाती है। यह बैक्टीरिया, वायरस, फंगस जैसे टॉक्सिन्स से लड़ती है और हमारे शरीर को बीमार होने से बचाती है। हमारी इम्यूनिटी मजबूत हो तो सर्दी, खांसी जैसे वायरल संक्रमण हमसे कोसों दूर रहते हैं। मजबूत इम्यूनिटी के कारण ही फेफड़े, किडनी और लीवर के संक्रमण, हेपेटाइटिस और अन्य गंभीर बीमारियों से भी बचाव होता है। कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर शुरू से कहा जा रहा है कि जिसकी इम्यूनिटी कमजोर होगी, उसे संक्रमण का ज्यादा खतरा है यहां हम आपको बता रहे हैं 6 सुपरफूड के बारे में, जो आपके घर में ही मौजूद है और जिसका सेवन करने से आपकी इम्यूनिटी बढ़ती है।
अलसी
अलसी के छोटे-छोटे बीज आपको कई तरह की बीमारियों के खतरे से बचाते हैं। यह आपके शरीर में बेड कोलेस्ट्रोल को कम करता है और कैंसर जैसे घातक बीमारी के जोखिम से भी आपको बचाता है। अलसी में एंटी एलर्जिक सीलियम और ओमेगा-3 फैटी ऐसिड होता है। एक चम्मच अलसी के बीज को गरम दूध के साथ पीने से या फिर सलाद या दही के साथ इसका सेवन करने से आपकी इम्यूनिटी बढ़ती है। यह आपके दिल से लेकर दिमाग तक को स्वस्थ रखता है।
तुलसी
तुलसी एंटी वायरल और एंटी इन्फ्लेमेट्री जैसे औषधीय गुणों से भरपूर होती है। यह कई बीमारियों का इलाज है और आपकी इम्यूनिटी भी बढ़ाती है। तुलसी के पत्तों का खाली पेट सेवन करना बहुत फायदेमंद होता है। हर दिन तुलसी की 5 पत्तियां, एक चम्मच शहर के साथ खाने से बीमारियों से लड़ने की आपकी क्षमता बढ़ती है। इसके साथ तीन से चार काली मिर्च के दाने भी चबाना ज्यादा फायदेमंद होगा।
सूरजमुखी के बीज
सूरजमुखी के बीज सेलेनियम से भरपूर होते हैं। यह हमारे शरीर की कोशिकाओं के नुकसान की भरपाई करते हैं। इसे आप अकेले भी खा सकते हैं या फिर चाट मसाले के साथ भी। सलाद के साथ भी इसका सेवन किया जा सकता है। विटामिन ई से भरपूर होने के कारण सूरजमुखी के बीज आपको किसी भी तरह के बाहरी संक्रमण से बचाते हैं।
हल्दी
एंटीऑक्सिडेंट और इंफ्लेमिट्री कंपाउंड से भरपूर हल्दी हमारे शरीर को एलर्जी से लड़ने के काबिल बनाता है। यह हमारी इम्यूनिटी को मजबूत बनाता है। गर्म दूध में एक चम्मच हल्दी पाउडर डालकर यानी गोल्डन मिल्क पीना बहुत ही सेहतमंद होता है।
अदरक
अदरक में भी एंटीऑक्सिडेंट और इंफ्लेमिट्री कंपाउंड पाया जाता है। इसके साथ ही एंटीवायरल और जिंजरॉ से भरपूर अदरक हमारी इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करता है। अदरक की चाय का सेवन करना तो फायदेमंद है ही, आप शहद के साथ भी अदरक खाते हैं तो आपकी सेहत को बहुत ही लाभ पहुंचेगा।
दालचीनी
पॉलिफेनॉल्स और प्लांट एंटीऑक्सिडेंट से भरपूर दालचीनी आपकी इम्यूनिटी को दुरुस्त रखती है। खासकर सर्दी और सीजनल फ्लू में यह अपने एंटी वायरल और एंटी फंगल गुणों के कारण यह दवा का काम करती है। सब्जी में मसाले के रूप में तो दालचीनी प्रयोग तो होता ही है, आप दालचीनी की चाय का सेवन भी कर सकते हैं।