
इंदौर उज्जैन रोड स्थित लवकुश चौराहे पर बन रहे फ्लाई ओवर के नीचे से गुजर रही एक युवती के साथ शनिवार सुबह हादसा हो गया। युवती एक्टिवा से जैसे ही गुजरी, ऊपर काम कर रहे मजदूर के हाथ से हथौड़ा छूटा और युवती के कंधे पर गिरा। कंधे से फिसलकर अंगुलियों पर लगा, जिससे तीन अंगुलियों में काफी चोट लगी। उसे लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। उधर, परिजन का कहना है कि ब्रिज बनाने वाली कंपनी ही बेटी का इलाज करवा रही है।
आकांक्षा गावडेकर निवासी एबी रोड रियल एस्टेट का काम करती है। वे सुबह सुपर कॉरिडोर से टीसीएस चौराहे पर ऑफिस जा रही थीं, तभी हादसा हुआ। भाई ने बताया कि आकांक्षा ने हेलमेट पहना था, वरना बड़ा हादसा हो जाता। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ब्रिज की साइड से निकलने का रास्ता दे रखा है, जबकि ऊपर कंपनी वाले काम करते हैं। ऐसे में नीचे रोड से गुजरने वाले लोगों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखना चाहिए। ऐसी ही लापरवाही बरती तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।