
मध्य प्रदेश के मंदसौर में आधी रात को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मगरमच्छ पलंग के बगल में आ गया. पलंग पर सो रहे बुजुर्ग व्यक्ति की जब आंख खुली और नीचे देखा को होश उड़ गए. चीख-पुकार सुनकर घरवाले आए और वन विभाग को सूचना दी. वन विभाग के कर्मचारियों ने मगरमच्छ को पकड़कर चंबल नदी में छोड़ दिया. मगरमच्छ की लंबाई करीब 8 फीट थी. घटना नारायणगढ़ थाना इलाके की रायखेड़ा गांव की है.
यहां मांगीलाल दायमा परिवार के साथ रहते हैं. वन विभाग के कर्मचारियों ने जब घटना के बारे में पूछा तो पोते विनोद ने बताया कि रात को अचानक दादा की चीखकर सुनकर हम सब चौंक गए. हम जैसे ही उनके पास आने लगे तो देखा की बड़ा मगरमच्छ उनके पलंग के पास है. हमने बाहर से गांववालों को बुलाया और जैसे-तैसे दादा को वहां से निकाला. इसके बाद वन विभाग को सूचना दी.
बारिश में अक्सर बाहर आ जाते हैं मगरमच्छ:- बता दें, मंदसौर में एक इलाका चंबल नदी के क्षेत्र में भी आता है. यहां बारिश में मगरमच्छ अक्सर नदियों से निकलकर इलाकों में आ जाते हैं. कई बार घरों में भी इनके घुसने की घटनाएं हो चुकी हैं. कई बार तो गांववालों ने खुद ही मगरमच्छों को पकड़कर वन विभाग को सौंपा है.
चंबल नदी में मगरमच्छ ने पानी पीने आए कुत्ते का किया शिकार:-राजस्थान में चंबल नदी का एक हैरतअंगेज वीडियो सामने आया है. इसमें नदी किनारे घूम रहे एक कुत्ते को मगरमच्छ ने अपना शिकार बना लिया. वीडियो में मगरमच्छ की फुर्ती देख अंदाजा लगाया जा सकता है कि नदी किनारे बेफिक्र होकर तफरी करना कितना खतरनाक साबित हो सकता है. यह वीडियो कोटा के पास रावतभाटा का बताया जा रहा है.
वीडियो में रावतभाटा के राणा प्रताप सागर डैम के पास चंबल नदी के किनारे भोजन-पानी की तलाश में एक डॉगी घूमता हुआ दिखाई दे रहा है. इसका वहां मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया. वीडियो में साफ नजर आ रहा है काफी दूरी से ही मगरमच्छ ने डॉगी के शिकार का इरादा बना लिया था. वहीं, कुत्ता इस अनजान खतरे को भांप नहीं सका. दूसरी तरफ नदी में मगरमच्छ बेहद शांति से शिकार की ओर बढ़ता रहा. नजदीक आते ही मगरमच्छ ने अचानक तेज झपट्टा मार कर डॉगी को अपने जबड़े में दबोच लिया. अपनी पकड़ में आते ही मगरमच्छ डॉगी को पानी की गहराई में ले गया.