12 सितंबर से चलेंगी 80 नई विशेष ट्रेनें, 10 सितंबर से शुरू होगा रिजर्वेशन

 

         

भारतीय रेलवे 2 सितंबर से 80 नई विशेष ट्रेनें  शुरू करने जा रहा है। इनके लिए रिजर्वेशन की प्रक्रिया 10 सितंबर से शुरू होगी। ये ट्रेनें अभी चल रही 230 ट्रेनों के अलावा होंगी। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष वीके यादव ने आज यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 80 नई ट्रेनें या 40 जोड़ी ट्रेनें 12 सितंबर से शुरू होंगी।

उन्होंने कहा कि अभी चलाई जा रहीं सभी विशेष ट्रेनों के परिचालन की निगरानी की जाएगी और जहां भी ट्रेन की मांग होगी या लंबी प्रतीक्षा सूची होगी, वहां एक्चुअल ट्रेन से पहले एक ‘क्लोन’ ट्रेन चलाई जाएगी। परीक्षाओं के लिए या ऐसे ही किसी उद्देश्य के लिए राज्य सरकारों से अनुरोध किए जाने पर ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। उन्होंने साथ ही कहा कि उच्चतम न्यायालय के आदेश के तहत दिल्ली सरकार और रेलवे, पटरियों के किनारे से कचरा हटाने के लिए संयुक्त रूप से तुरंत कदम उठाएंगे।

कोरोना के कारण यात्री ट्रेन सेवाएं फिलहाल निलंबित

रेल मंत्रालय ने पहले कई श्रमिक स्पेशल ट्रेन सेवाओं के साथ-साथ आईआरसीटीसी स्पेशल ट्रेन सेवाओं की शुरुआत की थी। कोरोना महामारी के कारण इस समय सभी यात्री ट्रेन सेवाएं निलंबित हैं। अभी देश में 230 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। 29 अगस्त को अनलॉक-4 की गाइडलाइन जारी होने के तीन दिन बाद भारतीय रेलवे ने कहा था कि रेलवे आने वाले दिनों में 100 और ट्रेनें चलाने की योजना पर काम कर रहा है। कोरोनावायरस और लॉकडाउन के चलते रेलवे ने 25 मार्च से ही सभी पैसेंजर, मेल और एक्सप्रेस ट्रेन सर्विस को रद्द कर दिया था।

80 ट्रेनें 19 राज्यों के 38 शहरों को कनेक्ट करेंगी

दिल्ली: नई दिल्ली।
राजस्थान: कोटा, अजमेर, जयपुर, जोधपुर, बीकानेर।
मध्यप्रदेश: जबलपुर, ग्वालियर, खजुराहो, इंदौर।
उत्तर प्रदेश: प्रयागराज, मंडुआडीह (बनारस), गोरखपुर, कानपुर अनवरगंज, गोरखपुर।
बिहार: दरभंगा, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, छपरा।
गुजरात: वलसाड।
महाराष्ट्र: सोलापुर।
उत्तराखंड: देहरादून।
हरियाणा: कुरुक्षेत्र।
झारखंड: देवघर, मधुपुर।
छत्तीसगढ़: कोरबा।
पंजाब: अमृतसर।
कर्नाटक: बेंगलुरु, मैसूर, यशवंतपुर।
तेलंगाना: सिकंदराबाद।
असम: गुवाहाटी, डिब्रूगढ़।
त्रिपुरा: अगरतला।
तमिलनाडु: चेन्नई, तिरुचिरापल्ली।
बंगाल: हावड़ा।
आंध्र: विशाखापट्‌टनम।

1 मई से चलाई गई थीं श्रमिक स्पेशल ट्रेनें
रेलवे ने श्रमिकों के लिए 1 मई से श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चलाई थीं। इनके जरिए देश भर के श्रमिकों को उनके घर तक पहुंचाया गया था। रेलवे ने बताया था कि श्रमिक ट्रेनों का 85% खर्च केंद्र ने उठाया। 15% खर्च किराए के रूप में राज्यों ने वहन किया।

7 सितंबर से शुरू होगी मेट्रो
रेलवे ने 12 मई से 15 जोड़ी एयर कंडीशन ट्रेनें और 1 जून से 100 जोड़ी टाइम टेबल्ड ट्रेनें चलाने का फैसला किया था। पिछले हफ्ते ही केंद्र ने 7 सितंबर से मेट्रो सर्विस शुरू करने की इजाजत दी थी। जल्द ही स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से स्टैंडर्ड ऑफ प्रोसीजर (एसओपी) भी जारी की जाएगी, जिसमें मेट्रो ट्रेन को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *