
ऑस्ट्रेलिया पर मिली शानदार जीत का जश्न हर भारतवासी मना रहा है. मुश्किल हालात में टीम इंडिया के खिलाड़ियों द्वारा किये गये प्रदर्शन की चारों तरफ तारिफ हो रही है. इसी कड़ी में प्रधानमंत्री मोदी ने भी आज टीम इंडिया की प्रशंसा की. तेज़पुर विश्वविद्यालय के 18वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय खिलाड़ियों की तारीफ की.
शुक्रवार को असम के तेजपुर यूनिवर्सिटी के 18वें दीक्षांत समारोह में मौजूद 1200 छात्रों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए पीएम ने भारतीय टीम का जिक्र करते हुए बताया कि खिलाड़ियों ने चोटिल होने के बावजूद लड़ाई को जारी रखा और ऑस्ट्रेलिया में इतिहास रचा। उन्होंने कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया में भारतीय टीम का खेल दृष्टिकोण में बदलाव का एक बड़ा उदाहरण है। पहला टेस्ट हारने के बाद भी उन्होंने लड़ना जारी रखा।
मोदी ने कहा, ‘घायल होने के बाद भी वे जीत के लिए संघर्ष करते रहे और नए समाधान खोजते रहे। कुछ खिलाड़ी कम अनुभवी हो सकते हैं, लेकिन उनकी बहादुरी कम नहीं थी। उन्होंने सही प्रतिभा और स्वभाव के साथ इतिहास रचा।