5 महीने से संक्रमित महिला की कोरोना से जारी है जंग, 31 बार रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर डॉक्टर हैरान

राजस्थान में भरतपुर शहर के अपना घर आश्रम में भर्ती एक महिला शारदा देवी पिछले 5 महीने से कोरोना वायरस से जंग लड़ रही है। पहली बार 4 सितम्बर को जांच रिपोर्ट में पॉजिटिव पायी गई ये महिला अब तक संक्रमण से मुक्ति नहीं पा सकी है। पिछले पांच महीनों में 31 जांच करवाई जा चुकी है और ये सभी पॉजिटिव आई हैं। अब इलाज कर रहे डॉक्टर भी इलाज के हर संभव प्रयासों के बाद भी संक्रमण खत्म नहीं हाेने से हैरान हैं। जानकारी के अनुसार, इलाज और मामले की बेहतर जांच पड़ताल के लिए अब महिला को भरतपुर से जयपुर रेफर किया जा रहा है।

अपना घर आश्रम के डायरेक्टर डॉ. बीएम भारद्वाज के अनुसार शारदा देवी के माता-पिता का निधन हो गया था। ससुराल वालों ने भी घर से निकाल दिया था। उसके बाद महिला को अपना घर आश्रम में रखा गया। लेकिन तभी उसकी कोरोना जांच करवाई गई। यह पहली जांच रिपोर्ट 4 सितम्बर को आई थी। इसमें शारदा कोविड-19 पॉजिटिव पाई गई थी। उसके बाद पांच महीनों में महिला की 31 बार जांच करवाई गई है, फिर भी उसकी सभी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आ रही है जो एक चिंता का विषय है।

महिला का वजन भी लगातार बढ़ रहा
डॉ. बीएम भारद्वाज ने बताया कि लगातार पांच महीनों से कोरोना पॉजिटिव होने के बाद चिकित्सक भी आश्चर्य चकित है और अब महिला को जयपुर भेजने की तैयारी की जा रही है। जिससे उसको वहां बेहतर इलाज मिल सके। इस बीमारी के चलते महिला का वजन भी बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *