इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड में नया मोड़ आया है। शिलॉन्ग से लौटे राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने दावा किया है कि सरेंडर से पहले जिस गेस्ट हाउस में सोनम रघुवंशी ठहरी थी, वहां उसका पूरा परिवार भी 4 से 5 दिन रुका था।
उन्होंने शिलॉन्ग पुलिस से गेस्ट हाउस के रजिस्टर और जमा कराई गई आईडी की जांच कराने की मांग की है। वहीं सोनम के भाई गोविंद रघुवंशी ने इन दावों को अफवाह बताते हुए खारिज किया है

11 मई 2025 को सोनम और राजा रघुवंशी की शादी हुई थी।
मुझसे पूछा- कौन-कौन सी ज्वेलरी आपकी है
विपिन ने बताया कि 29 जुलाई को मैं शिलॉन्ग कोर्ट पहुंचा तो वहां ज्वेलरी दिखाई गई। मुझसे पूछा गया कि कौन-कौन सी ज्वेलरी आपकी है? कौन-कौन सी आपकी नहीं है? जो ज्वेलरी हमारी थी, उसे मैंने आइडेंटिफाई किया, जो हमारी नहीं थी, उसके बारे में भी कोर्ट को जानकारी दी। इन ज्वेलरी को लेकर भी कई सवाल पूछे गए हैं।
राज कुशवाह के नाम पर मंगलसूत्र
विपिन ने कहा- जो ज्वेलरी दिखाई गई, उसमें एक मंगलसूत्र था, वह राज कुशवाह के नाम पर था। संभवत: राज और सोनम ने पहले ही शादी कर ली थी। इसमें एक सोने का मंगलसूत्र, एक सोने की चेन है। विपिन ने सवाल उठाया- राज कुशवाह 15 से 20 हजार की नौकरी कर रहा था। वह 5 से 6 लाख रुपए की ज्वेलरी के पैसे कहां से लाया होगा? वे पैसे भी सोनम ने ही दिए होंगे। इस ज्वेलरी की जो खरीदी की तारीख उसमें थी, वह राजा और सोनम की शादी के पहले की थी।
वीडियो कॉन्फ्रेंस में देखे राजा के आरोपी
विपिन ने बताया कि मेरे बयान होने के बाद जब मैं कोर्ट रूम से बाहर निकल रहा था, तब मैंने वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान भाई की हत्या की आरोपी सोनम, राज कुशवाह, आनंद कुर्मी, आकाश राजपूत, विशाल चौहान को देखा। उन्हें देख यही लगा कि इन सबको जल्द से जल्द सजा मिलना चाहिए। मैंने वहां एडवोकेट से भी पूछा- सोनम ने कब सरेंडर किया था, जिसके बाद एडवोकेट ने मुझे जानकारी दी।

गेस्ट हाउस में रुका परिवार, किसी और के नाम पर लिया
विपिन ने दावा किया है कि स्थानीय पुलिस और लोगों से जानकारी मिली कि सोनम का पूरा परिवार शिलॉन्ग में सोनम के साथ कुछ दिनों तक गेस्ट हाउस में ही रुका था।
मुझे तो यह भी जानकारी मिली है कि जिस गेस्ट हाउस में सोनम रुकी थी, वह भी किसी और के नाम पर लिया गया था। जमानत मिलने के बाद तो सोनम अपनी आईडी पर गेस्ट हाउस ले सकती थी, मगर यहां भी उसने फर्जीवाड़ा किया। जिस किसी गेस्ट हाउस, होटल या लॉज में कोई रुकता है, उसकी आईडी ली जाती है।
सोनम के माता-पिता की आईडी भी वहां होनी चाहिए। उन्होंने शिलॉन्ग पुलिस से अपील की है कि पुलिस गेस्ट हाउस की जांच करे। पता करे कि इनकी आईडी जमा हुई या नहीं और रजिस्टर में एंट्री है या नहीं, यह भी चेक करे।

सोनम का भाई बोला- सब अफवाह, माता-पिता इंदौर में थे
इधर विपिन के दावों पर सोनम के भाई गोविंद रघुवंशी का कहना है कि जिस दिन की बात की जा रही है, उस समय माता-पिता इंदौर में थे, जबकि उस समय मुझे बिजनेस की वजह से बेंगलुरु जाना पड़ा था। जो दावा किया जा रहा है, वह अफवाह है।
11 मई 2025 को शादी, 21 को हनीमून और 23 को राजा की हत्या
11 मई 2025 को राजा रघुवंशी और सोनम की शादी हुई थी। 21 मई को दोनों हनीमून के लिए शिलॉन्ग (मेघालय) गए थे। वहां 23 मई को हनीमून के दौरान लापता हो गए।
10 दिन बाद पुलिस ने राजा का 30 फीट गहरी खाई से क्षत-विक्षत शव बरामद किया, जिस पर धारदार हथियार से कई घाव थे, तब सोनम लापता थी। बाद में उसने यूपी में सरेंडर कर दिया था। उससे पूछताछ के बाद आकाश, आनंद और विशाल को पकड़ा गया।
