
आशुतोष का जो हो, सो हो… दतिया में ट्रेंड करते रहेंगे नरोत्तम…
डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने के बाद दतिया विधानसभा उपचुनाव पर पूरे देश की नजरें हैं। 16 जुलाई से डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। और अक्सर डायलॉग्स के लिए याद किए जाने वाले नरोत्तम के डायलॉग पहले दिन ही हिट हो गए हैं। और वैसे भी टिकट न मिलने के बाद डॉ. नरोत्तम मिश्रा सबसे ज्यादा ट्रेंड कर रहे हैं। और जिस तरह से चुनाव प्रचार के पहले दिन मतदाताओं की तालियां बटोरने में नरोत्तम मिश्रा सफल रहे हैं, उससे यही लगता है कि आशुतोष का जो हो, सो हो… लेकिन दतिया में नरोत्तम पूरे समय ट्रेंड करते रहेंगे।
चुनाव प्रचार के पहले दिन नरोत्तम मिश्रा ने मंच से दतिया कलेक्टर और एसपी को चेतावनी देकर खूब तालियां बटोरीं। मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे मंच से दतिया के एसपी और कलेक्टर को खुलेआम चेतावनी दे रहे हैं। मंच से जनता और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने सीधे एसपी को संबोधित करते हुए कहा, ” एसपी साहब, मैं भूलने वाला प्राणी नहीं हूं, याद रखता हूं। मैं दोस्ती और दुश्मनी दोनों याद रखता हूं। प्रेम और क्रोध, माइक की आवाज आप तक पहुंचेगी, मालूम है यह कह रहा हूं मैं।” उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए कहा, “आपने गाड़ियां तोड़ीं, हमारे पास इसके फुटेज हैं। आपको चक्काजाम खुलवाना था तो खुलवाते, लेकिन गैस के गोले कार्यालय में क्यों दागे? क्या कार्यालय की बिल्डिंग सड़क पर रखी थी?” नरोत्तम मिश्रा ने पुलिस को चेताया कि निर्दोष लोगों पर झूठे केस लादना और उनकी पिटाई करना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को ढांढस बंधाते हुए कहा, “कार्यकर्ताओं, हम सब 3 तारीख ( यानि 3 अगस्त) तक का इंतजार कर रहे हैं। सब मजे लो, आनंद लो और आगे की लाइन लो। और इसके आगे सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण बात जो उन्होंने कही वह यह कि “मैं तुम्हारे मन को समझने की कोशिश कर रहा हूं, तुम मेरे मन को समझने की कोशिश करो।” गौरतलब है कि नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने से उनके समर्थक आक्रोशित हो गए थे। समर्थकों ने हाइवे जाम कर दिया था। और दतिया में तोड़फोड़ भी हुई थी।दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए वोटिंग 30 जुलाई को होगी। इस उपचुनाव के नतीजे 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे। 2023 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने बीजेपी के नरोत्तम मिश्रा को शिकस्त दी थी। हालांकि, एक मामले में इसी वर्ष अप्रैल में भारती को अदालत द्वारा 3 साल की सजा सुनाई गई और उनकी सदस्यता चली गई। इसके बाद इस सीट पर चुनाव हो रहे हैं।
तो चुनाव प्रचार के पहले दिन
नरोत्तम मिश्रा पूरी तरह फुलफॉर्म में नजर आए। उन्होंने अपनी ही स्टाइल में मतदाताओं को समझाइश दी कि आशुतोष की टिकट काटने की क्षमता नहीं है’, कोई और है, मैं बात कर लूंगा, नरोत्तम मिश्रा ने कहा- ब्रह्मास्त्र गलत जगह मत दागो। नरोत्तम मिश्रा ने आशुतोष तिवारी का नाम लेते हुए कहा कि मेरी टिकट काटने की क्षमता उसमें नहीं है। टिकट काटने वाले कोई और हैं। उन्होंने कहा कि जिन्होंने टिकट काटा है वहां तक आपकी पहुंचने की भी क्षमता नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं बात कर लूंगा। इस बयान को दतिया उपचुनाव और भाजपा की अंदरूनी कलह के तौर पर प्रचारित किया जा रहा है। नरोत्तम मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को भावनाओं में बहने से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गुस्सा गलत दिशा में निकालने से नुकसान होगा। दतिया में आयोजित चुनावी सभा के दौरान नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि टिकट नहीं मिलने के बाद जब उन्होंने कार्यकर्ताओं की भावनाएं देखीं तो वह खुद भी भावुक हो गए थे। उन्होंने कहा कि मंच पर मौजूद समर्थकों की हालत देखकर उनकी आंखों में आंसू तक आ गए थे। मिश्रा ने कहा कि कार्यकर्ताओं का प्रेम और समर्थन उनके लिए किसी भी पद से बड़ा है और यही रिश्ता उनकी सबसे बड़ी ताकत है। इस दतिया के लिए मेरे दिल में खास जगह है।
कुल मिलाकर यह बात साफ है कि दतिया उपचुनाव में जीत दर्ज करना भाजपा के लिए सर्वाधिक महत्वपूर्ण है तो एक बड़ी चुनौती भी है। डॉ. नरोत्तम मिश्रा को भी टिकट मिलता, तब भी संघर्ष था तो उन्हें टिकट न मिलने पर संघर्ष और भी ज्यादा है। पर यह बात सही है कि अब मतदाताओं की निगाहें नरोत्तम की तरफ ही हैं। और आशुतोष तिवारी जीत दर्ज करेंगे तब भी सेहरा नरोत्तम के सिर ही बंधेगा। पर आशुतोष तिवारी की जीत-हार का परिणाम 3 अगस्त को आएगा पर तब तक नरोत्तम मिश्रा पूरे समय ट्रेंड करते रहेंगे…।

कौशल किशोर चतुर्वेदी
कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं