बिजनेसमैन की बेटी से रेप का आरोप, शादी का झांसा देकर 1.27 करोड़ खर्च कराए: राजस्थान के ज्वेलरी कारोबारी ने पीड़िता के पैसों से गाड़ी, ब्रांडेड जूते-कपड़े खरीदे; लग्जरी सामान जब्त

राजस्थान के ज्वेलरी कारोबारी ने मध्य प्रदेश के उज्जैन के कारोबारी की बेटी से रेप किया। आरोपी ने महिला का भरोसा जीता, फिर महंगे जूते-कपड़े, मोबाइल, गाड़ियां और लग्जरी सामान खरीदे। शादी का झांसा देकर 1.27 करोड़ रुपए खर्च करवा दिए। कई बार लाखों रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करवाए।

एसपी प्रदीप शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि- सोशल मीडिया और दोस्तों के जरिए महिलाओं को जाल में फंसाता था। पुलिस से बचने के लिए फिल्मों से ट्रिक भी सीखी। मोबाइल नंबर और ठिकाने बदलता रहता था। महंगे शौक पूरे करने के लिए सिर्फ महिलाओं को टारगेट करता था।

माधवनगर पुलिस ने गुरुवार को जयपुर के मानसरोवर निवासी मनीष को अरेस्ट किया। आरोपी से करीब 5 लाख रुपए कीमत का सामान जब्त किया है। इनमें कई जूते, चप्पल और टॉली बैग शामिल हैं। एक 21 हजार रुपए का जूता भी है।

आरोपी से बरामद लग्जरी जूते और सामान।

जांच में सामने आया 1.27 करोड़ का खर्च

माधवनगर पुलिस के मुताबिक, महिला ने 13 मई 2026 को माधवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों की मुलाकात उज्जैन में हुई थी। आरोपी देवास में रहता था और उज्जैन घूमने आया था। इसी दौरान दोनों की मुलाकात हुई। दोनों ने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर शेयर किए।

इसके बाद मनीष और महिला की बातचीत होने लगी। बातों में महिला को फंसाया। शादी का झांसा दिया। उससे संबंध बनाए। भरोसे में लिया और फिर महंगे सामान समेत अन्य खर्च करवाए। खर्च की रकम 35 लाख से शुरू होकर 1 करोड़ 27 लाख रुपए तक पहुंच गई है।

पुलिस ने आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया।

ज्वेलरी की दुकान भी जांच के दायरे में

एसपी प्रदीप शर्मा के मुताबिक, आरोपी ने ज्वेलरी की दुकान भी शुरू की थी। महिला उससे मिलने के लिए दुकान पर भी जाती थी। आरोपी और महिला के बीच करीब 3 से 4 महीने तक संपर्क रहा। इसी दौरान आरोपी ने महिला से 3 महीने में करोड़ों रुपए खर्च करा दिए।

आरोपी अलग-अलग जगहों पर ठिकाने बदलकर रहता था। ज्यादातर किराए के मकानों में रहता था। पुलिस को उसका स्थायी ठिकाना तलाशने में भी परेशानी हुई। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के जरिए लोकेशन का पता लगाया।

इसके बाद राजस्थान के पाली में उसकी लोकेशन मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को उसके कई महिलाओं के संपर्क में रहने की जानकारी मिली है। अब आरोपी के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस अब बैंक ट्रांजैक्शन, नकद लेन-देन, ऑनलाइन शॉपिंग और खरीदे गए सामान, दुकान से जुड़े दस्तावेज और लेन-देन की भी जांच कर रही है। आरोपी के कई महिलाओं से संपर्क में रहने की जानकारी सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *