
बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर इन दिनों अपने रिलेशनशिप की खबरों की वजह से सुर्खियों में हैं. हाल ही में हुई एक्टर वरुण धवन और नताशा दलाल की शादी के बाद अब श्रद्धा कपूर की शादी की खबरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं. श्रद्धा कपूर कई बार अपने बॉयफ्रेंड रोहन श्रेष्ठा के साथ स्पॉट की गई हैं जिसके बाद से खबरें हैं कि दोनों जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं. इस मामले में श्रद्धा के पिता शक्ति कपूर का भी रिएक्शन आया है.
टाइम्स ऑफ इंडिया को दिये इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि मुझे कोई ऐतराज नहीं कि श्रद्धा किसे अपना लाइफ पार्टनर चुनती है. इसके साथ ही उन्होंने बताया कि वह रोहन और श्रद्धा के रिलेशन से अंजान हैं, साथ ही उन्हें यह भी नहीं मालूम कि वह दोनों एक-दूसरे को लेकर गंभीर हैं भी या नहीं.
इंटरव्यू के दौरान श्रद्धा और रोहन के बारे में बात करते हुए शक्ति कपूर ने कहा, “मैं हमेशा उसके साथ खड़ा हूं और उसे समर्थन करूंगा जब भी वह इस कदम को उठाने के बारे में सोचेगी. और केवल रोहन श्रेष्ठा ही क्यों? अगर वो मेरे पास आकर कहती है कि मैं उससे (जिसे भी उसने चुना है) शादी करना चाहती हूं, मुझे इस बात पर कोई ऐतराज नहीं होगा.” शक्ति कपूर ने आगे कहा, “रोहन बहुत अच्छा लड़का है, वह बचपन से ही हमारे घर आता है. श्रद्धा ने मुझे इस बारे में नहीं बताया कि वह उससे शादी करने का प्लान कर रही है. मेरे लिए वह अभी भी बचपन के ही दोस्त हैं. मैं नहीं जानता कि वह दोनों एक-दूसरे को लेकर गंभीर हैं भी या नहीं.”
बता दें कि साल 2020 में भी रोहन श्रेष्ठा और श्रद्धा कपूर की शादी को लेकर खबरें आई थीं, लेकिन एक्ट्रेस ने इस बात से साफ इंकार कर दिया था. उन्होंने कहा, “मैं अभी अपने काम के वजह से बहुत व्यस्त हूं, ऐसे में मेरे पास किसी और चीज के लिए समय नहीं है.” बता दें कि श्रद्धा कपूर ने अपनी एक्टिंग और अपने अंदाज से लोगों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी है. इन दिनों श्रद्धा कपूर लव रंजन की रोमांटिक ड्रामा की शूटिंग के लिए दिल्ली में मौजूद हैं. इस फिल्म में वह रणबीर कपूर के साथ मुख्य भूमिका निभाती हुई दिखाई देंगी.