मक्सी के पास चलती ट्रेन से गिरा यात्री, दोनों पैर कटे; VIDEO में TT से विवाद, घायल बोला- मारपीट कर कपड़े फाड़े, धक्का दिया या खुद गिरा याद नहीं

शाजापुर जिले के मक्सी के पास पीर उमरोद रेलवे स्टेशन के नजदीक पटना-इंदौर डॉ. अंबेडकर नगर स्पेशल ट्रेन से गिरकर एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके दोनों पैर कट गए। युवक ने TT पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना से पहले विवाद का वीडियो भी सामने आया है।

घायल युवक की पहचान अशोक नगर जिले के माधवखेड़ी निवासी राहुल यादव के रूप में हुई है। वह मजदूरी के लिए बीना से इंदौर जा रहा था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उसके पास टिकट नहीं था। वह एसी कोच में यात्रा कर रहा था। इसी दौरान उसकी TT से बहस हो गई।

घटना से पहले का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें राहुल TT पर शर्ट फाड़ने, थप्पड़ मारने का आरोप लगाता नजर आ रहा है। वहीं TT युवक को शांत रहने और सीट पर बैठने के लिए कहता है। वीडियो में TT युवक पर शराब के नशे में होने और यात्रियों को परेशान करने का आरोप भी लगाता सुनाई देता है।

देखिए तस्वीरें

घायल राहुल यादव को शाजापुर जिला अस्पताल लाया गया।

शाजापुर जिला अस्पताल में घायल का प्राथमिक इलाज किया गया।
युवक के दोनों पैर कट गए। पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए हैं।
टीटी ने मारपीट के आरोपों से इनकार किया है।

युवक बोला- धक्का दिया या खुद गिरा, याद नहीं

राहुल का कहना है कि टिकट को लेकर विवाद के बाद उसके साथ मारपीट हुई। उसने बताया कि TT ने धक्का दिया या वह खुद गिरा, इसके बाद की घटना उसे याद नहीं है। हालांकि, ट्रेन से गिरने की परिस्थितियों और हादसे के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

108 नहीं पहुंची तो मालगाड़ी से मक्सी लाया गया

हादसे के बाद पीर उमरोद स्टेशन से 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद रेलवे कर्मचारियों ने एक मालगाड़ी रुकवाई और घायल को उसके पिछले हिस्से में बैठाकर मक्सी स्टेशन तक पहुंचाया। वहां से 108 एंबुलेंस के जरिए उसे सुबह करीब 5:30 बजे शाजापुर जिला अस्पताल ले जाया गया।

दोनों पैर कटे, इंदौर रेफर

जिला अस्पताल के डॉक्टर विनोद गुर्जर ने बताया कि युवक के दोनों पैर ट्रेन की चपेट में आने से कट गए थे। प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया।

रात 2:40 बजे की घटना

जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 2:40 बजे पीर उमरोद रेलवे स्टेशन के पास की है। उस समय डॉ. अंबेडकर नगर स्पेशल ट्रेन अपने तय समय से करीब साढ़े पांच घंटे देरी से चल रही थी। पुलिस और रेलवे मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक ट्रेन से किन परिस्थितियों में गिरा।