‘राम’ की शरण में ‘सरकार’… कौशल किशोर चतुर्वेदी

‘राम’ की शरण में ‘सरकार’..
14 साल बाद एक बार फिर मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार और संगठन रामराजा सरकार की शरण में हैं। 7-8 अप्रैल 2012 को तत्कालीन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष प्रभात झा और तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में ओरछा में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति हुई थी। और तब भाजपा ने कार्यकर्ताओं के दम पर
सरकार बनाने का दावा किया था। 14 साल बाद 30-31 अगस्त 2026 को एक बार फिर ओरछा में भाजपा सरकार और संगठन का जमावड़ा है। अब मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में हो रही प्रदेश कार्यसमिति में अब भी कार्यकर्ता केंद्र में है, लेकिन पार्टी की संस्कृति बहुत कुछ बदली नजर आ रही है। तब पार्टी में बहुत कुछ खुलापन था, बेबाकी थी और पारदर्शिता नजर आ रही थी लेकिन 14 साल बाद की भाजपा में न खुलापन है, न बेबाकी है और न ही पारदर्शिता नजर आ रही है। समानता एक ही है कि तब भी भाजपा ‘राम’ की शरण में थी और अब भी भाजपा ‘राम’ की शरण में है। अंतर यह है कि तब केंद्र में यूपीए की सरकार थी और अब केंद्र में भी भाजपा की सरकार है। अंतर यह भी है कि तब अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बनाना भाजपा के एजेंडा में था और अब केंद्र में 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बनी एनडीए की सरकार के बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो चुका है। और अब ओरछा में भी रामराजा लोक का निर्माण हो रहा है।
प्रदेश भाजपा कार्यसमिति के पहले दिन 30 अगस्त 2026 को पार्टी ने राजनीतिक प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। पार्टी पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और विकसित भारत तक केंद्रित है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने उदघाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की विचारधारा महापुरुषों के त्याग, सेवा, संगठन और राष्ट्र निर्माण के संस्कारों से निर्मित हुई है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के राष्ट्र एकता के संकल्प और कुशाभाऊ ठाकरे जी के संगठन एवं कार्यकर्ता निर्माण के विचार आज भी भाजपा को दिशा दे रहे हैं। भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी और संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश के आजाद होने के बाद जिस भारत की संकल्पना की थी उसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरा किया है। भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लेकर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के संकल्प को पूरा करने के लिए भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार के कार्यों को कार्यकर्ता जन-जन तक, हर घर तक पहुंचाने का कार्य करें। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार प्रधानमंत्री के विकास और जनकल्याण के संकल्पों को धरातल पर उतारते हुए किसान, गरीब और आमजन के हित में निरंतर कार्य कर रही है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी बड़ी आर्थिक शक्ति बना है। आर्थिक विकास के साथ डिजिटल, आधारभूत संरचना और रक्षा क्षेत्र में भी देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि ‘समरसता संकल्प अभियान’ के सभी कार्यक्रम भाजपा कार्यकर्ता सफलतापूर्वक संचालित कर रहे हैं। कार्यक्रमों में सभी समाजों की सक्रिय भागीदारी है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेन्द्र सिंह पटेल ने कहा कि जनजातीय समाज के विकास, अधिकारों और संस्कृति-परंपराओं के संरक्षण के लिए भाजपा ने निरंतर कार्य किया है। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी व सांसद तरुण चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पुनः विश्व का मार्गदर्शन करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत मांगने वाला नहीं, बल्कि दुनिया को देने वाला राष्ट्र बन गया है।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर केंद्रित होते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी जो कहती है, उसे करके दिखाती है। भाजपा संगठन और सरकार ने अपने कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जनता का विश्वास अर्जित किया है। प्रदेश ने सुशासन का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की खुशी में खुश और उनके दुख में दुखी होने वाली सरकार है। किसानों की उपज का उचित मूल्य मिले और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके, इसके लिए सरकार निरंतर किसान हित में निर्णय ले रही है।
पार्टी की वरिष्ठ नेत्री पूर्व मंत्री व प्रदेश प्रवक्ता अर्चना चिटनिस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। लाड़ली बहना योजना की राशि में 250 रुपये की वृद्धि कर प्रदेश की बहनों को उपहार देना भाजपा सरकार की महिला हितैषी कार्यशैली का उदाहरण है।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने राजनीतिक प्रस्ताव को लेकर बताया कि भाजपा के राजनीतिक प्रस्ताव में बुंदेलखंड के विकास के साथ किसान, महिला, युवा एवं उद्योग सहित हर वर्ग का रोडमैप तैयार किया गया है।सेवा, सुशासन, समरसता और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प के साथ भाजपा आगे बढ़ रही है। बूथ, मंडल को और ज्यादा मजबूत बनाने पर भाजपा का जोर रहेगा।भाजपा सरकार ने केन बेतवा लिंक परियोजना बनाई, कांग्रेस ने इसका विरोध किया। राजनीतिक प्रस्ताव में कांग्रेस की भर्त्सना की गई है।
2012 में ओरछा में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति होने के बाद 2014 में केंद्र में बनी एनडीए सरकार को एक शुभ संकेत माना जा सकता है। देखना यह है कि 2026 में ओरछा में होने वाली प्रदेश भाजपा कार्यसमिति के बाद पार्टी को क्या हासिल होता है? तब से अब तक भाजपा ने मध्यप्रदेश और देश में एक लंबी यात्रा तय कर ली है। और अब बात विकसित भारत की हो रही है। विकसित भारत की यात्रा में मध्यप्रदेश प्रमुख भूमिका में है। प्रदेश में भी सरकार के सामने सैकड़ों चुनौतियां हैं। यह कहा जा सकता है कि संगठन सत्ता के साथ समन्वय करके सुशासन की दिशा में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आशीर्वाद रामराजा सरकार से मांगेगा… और डॉ. मोहन यादव विकसित मध्य प्रदेश बनाने के लिए भगवान राम से आशीर्वाद अवश्य मांगेंगे।

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *