
राजा राम की नगरी में दिखा मोहन का मिशन-2028 विजन…
राम राजा सरकार की नगरी ओरछा में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यह
साफ कर दिया है कि 2028 तक विकास की नई इबारत लिखने को वह तैयार हैं। अपने ढाई साल के कार्यकाल की उपलब्धियाँ गिनाते हुए डॉ. मोहन यादव ने साफ किया कि कांग्रेस के 55 साल के कार्यकाल में विकास की गति बिल्कुल धीमी थी, 2003-2023 तक भाजपा सरकार में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, बाबूलाल गौर और शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में विकास ने गति पकड़ी और उनके ढाई साल के कार्यकाल में सबसे तेज गति से विकास करने में मध्यप्रदेश देश में सबसे आगे है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के कार्यकाल की पहली कार्यसमिति बैठक के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भाषण यह बता रहा था कि अब उनका फोकस सिंहस्थ पर है तो विकास गाथा मानो यही कह रही थी कि 2028 के लिए वह तैयार हैं। और मंचासीन पदाधिकारी और प्रदेश संगठन मानो मोहन की गवाही दे रहा था कि अब प्रदेश में बदलाव को लेकर कयास लगाने वाले अपनी सोच पर विराम लगा दें। राम राजा की नगरी ओरछा में वास्तव में मोहन का मिशन-2028 विजन ही सामने था। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी सत्ता और संगठन के नगरीय निकाय, पंचायत और हर चुनाव के लिए तैयार होने की बात कहकर मोहन के भावों का समर्थन किया। तो यह बात भी तय हो गई कि अब भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति हर तीन महीने में ही संपन्न होती रहेगी। और कार्यसमिति का आयोजन प्रदेश के विभिन्न अंचलों सहित राजधानी भोपाल में होने में अब कोई बाधा नहीं है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि श्रीराम राजा की नगरी ओरछा में
हम नई दिशा और नए संकल्प लेने के लिए आए थे और अब उन पर लगातार आगे बढ़ेंगे। बैठक में सेवा, सुशासन, सामाजिक समरसता के साथ ही मध्यप्रदेश को विकसित राज्य बनाने के लिए निर्णय लिए गए। भाजपा का मूल आधार सेवा, संगठन और सामाजिक समरसता है। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के लोकसेवा कार्यकाल का अभिनंदन करते हुए कार्यकर्ताओं से उनके सेवा, सुशासन, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। इसके लिए 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक अभियान भी चलाया जाएगा और इस दौरान विभिन्न सेवा के कार्य किए जाएंगे।
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा सरकार के कार्यकाल सहित उनके नेतृत्व के ढाई वर्षों का भी लेखा-जोखा सामने रखा। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इस दौरान किसानों की आय, सिंचाई, बिजली और कृषि उत्पादन बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने लाड़ली बहना योजना, किसान कल्याण, शिक्षा, मेडिकल कॉलेज, रोजगार, औद्योगिक विकास, जल संरक्षण, सड़क, पर्यटन और अधोसंरचना के क्षेत्र में सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केन-बेतवा परियोजना बुंदेलखंड के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम है, जिससे सिंचाई, पेयजल और विद्युत सुविधाओं का विस्तार होगा। भाजपा संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करते हुए सेवा, सुशासन, सामाजिक समरसता और विकास के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। ओरछा की पावन धरती से बुंदेलखंड की गौरवशाली विरासत और विकास की नई संभावनाओं को आगे बढ़ाने तथा मध्यप्रदेश को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के संकल्प के साथ कार्यकर्ता पूरी शक्ति से जुटेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस समाज में वर्ग संघर्ष बढ़ाने का कार्य कर रही है। भाजपा ने वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में जो संकल्प पत्र जारी किया था, उसके 70 प्रतिशत वादों को अभी तक पूरा किया जा चुका है। शेष संकल्पों को भी हमारी सरकार विधानसभा चुनाव से पहले पूरा करने का लक्ष्य लेकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लंबे शासनकाल में बुंदेलखंड से पलायन और पिछड़ेपन की समस्या बनी रही, जबकि भाजपा सरकार बुंदेलखंड को समृद्धि की दिशा में ले जा रही है। कांग्रेस के समय में बुंदेलखण्ड में पलायन होता था। वहीं अब केन-बेतवा परियोजना से बुंदेलखण्ड अनाज उत्पादन में पंजाब और हरियाणा को पीछे छोड़ देगा। आंकड़ों सहित अपनी ढाई साल की उपलब्धियों को गिनाने के बाद डॉ. मोहन यादव ने कार्यसमिति सदस्यों में यह कहकर जोश भर दिया कि ‘सच्चा वादा पक्का काम, प्रेम से बोलो जय श्री राम’।
तो 30 अगस्त 2026 को मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुनने के बाद राजा राम की नगरी ओरछा में शुरू हुई भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक मोदी के विकसित भारत के संकल्प और अब तक किए गए विकास कार्यों को याद करते हुए ही खत्म हुई। लेकिन इनके बीच ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मिशन-2028 को लेकर अपना विजन सामने रख दिया है। ढाई साल की अपनी उपलब्धियाँ गिनाई हैं, तो आगामी ढाई साल में मध्य प्रदेश के सबसे आगे रहने का भरोसा भी दिलाया है। तो मोहन-हेमंत युग में मिशन-2028 तक क्या-क्या होता है, यह समय के साथ-साथ सामने आता रहेगा… और पूरा मध्यप्रदेश इसका साक्षी बनेगा।

कौशल किशोर चतुर्वेदी
कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।