अमेरिका जाने निकला परिवार, पीछे घर में घुसे बदमाश: गुना की पॉश सिसौदिया कॉलोनी में रिटायर्ड इंजीनियर के चौकीदार के हाथ-पैर बांधे, सरिया-गुलेल की धमकी देकर चांदी-नकदी लूटी; CCTV में कैद वारदात

गुना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की पॉश सिसौदिया कॉलोनी में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात बदमाशों ने रिटायर्ड कार्यपालन यंत्री एसके राजौरिया के घर को निशाना बनाया। बदमाश पिछला गेट तोड़कर मकान में घुसे और वहां मौजूद 15-20 साल पुराने चौकीदार बृजेंद्र लोधा के हाथ-पैर बांधकर उसे बंधक बना लिया।

चौकीदार को बांधते बदमाश CCTV में भी कैद हो गए।

जान से मारने की धमकी देने के बाद बेडरूम का ताला तोड़कर चांदी के पुराने जेवर-सामान, घड़ियां, कैमरा और नकदी लेकर फरार हो गए। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई है।

चौकीदार को धमकाते दिखे बदमाश।

भोपाल जाने के बाद घर को बनाया निशाना

एसके राजौरिया जल संसाधन विभाग से कार्यपालन यंत्री के पद से रिटायर हुए हैं। मंगलवार दोपहर वे भोपाल के लिए रवाना हुए थे। वहां से उन्हें बेटे के पास अमेरिका जाना था। घर की सुरक्षा के लिए उन्होंने पुराने चौकीदार बृजेंद्र लोधा को वहीं छोड़ा था।

पुलिस के मुताबिक, रात करीब 3:45 से 4:15 बजे के बीच बदमाश घर के पिछले हिस्से से दाखिल हुए। उन्होंने चौकीदार को अपने कब्जे में लेकर हाथ-पैर बांध दिए और घर में चोरी की।

भोपाल जाते ही घर में घुसे थे बदमाश।

पानी पीने उठा तो सामने खड़े थे दो बदमाश

चौकीदार बृजेंद्र लोधा ने बताया कि वह तड़के करीब 4 बजे पानी पीने के लिए उठा था। इसी दौरान उसे सामने दो लोग दिखाई दिए। उसने शोर मचाने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उसे पकड़ लिया। जान से मारने की धमकी देकर हाथ-पैर बांध दिए और उसे एक जगह बैठा दिया।

बृजेंद्र के अनुसार, दोनों बदमाशों के हाथ में लोहे का सरिया और गुलेल थी। हथियार देखकर वह विरोध नहीं कर सका। इसके बाद बदमाश घर के कमरों में सामान तलाशते रहे।

चौकीदार को बंधक बनाकर बेडरूम का ताला तोड़ा।

बेडरूम का ताला तोड़कर सामान ले गए

वारदात के बाद राजौरिया को फोन से सूचना दी गई। वह भोपाल से वापस गुना के लिए रवाना हुए। किराएदार की सूचना पर पुलिस सुबह करीब 5:30 बजे मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सामान को जांच से पहले नहीं छूने की हिदायत दी।

राजौरिया ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि बदमाश बेडरूम का ताला तोड़कर सामान बिखेर गए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक करीब 250 से 300 ग्राम पुरानी चांदी के जेवर और अन्य सामान, पुरानी घड़ियां, कैमरा और 10 से 15 हजार रुपए चोरी हुए हैं। हालांकि, सामान की पूरी जांच के बाद ही वास्तविक नुकसान का पता चलेगा।

चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हुए चोर।

CCTV में कैद हुई बदमाशों की गतिविधि

घर में लगे CCTV कैमरों में संदिग्धों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। राजौरिया ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है।

उन्होंने बताया कि इससे पहले उनके एक रिश्तेदार के मकान में भी चोरी हो चुकी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद सिसौदिया कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी स्थानीय लोगों में चिंता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *