इंदौर होटल मौत कांड: प्रॉपर्टी कारोबारी जीतू साहू की संदिग्ध मौत में महिला मित्र ऐना को भोपाल से इंदौर लाई पुलिस, ब्लैकमेलिंग एंगल पर गहन पूछताछ

इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित श्याम पैलेस होटल की दूसरी मंजिल की बालकनी से गिरकर प्रॉपर्टी कारोबारी जितेंद्र (जीतू) साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने उनकी महिला मित्र को भोपाल से हिरासत में लिया है। गुरुवार को पुलिस की एक टीम भोपाल पहुंची और महिला को इंदौर लाकर उससे पूछताछ शुरू की।

इस तरह बिल्डिंग से गिरा था कारोबारी जीतू साहू।

पुलिस के अनुसार 13-14 जुलाई की दरमियानी रात करीब 4:30 बजे होटल की दूसरी मंजिल से गिरने के कारण जितेंद्र साहू की मौत हो गई थी। घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए थे। जांच में पता चला कि घटना के समय सईद फारिया उर्फ ऐना होटल के उसी कमरे में मौजूद थी, जहां जितेंद्र ठहरे हुए थे। वह पिछले करीब 22 दिनों से होटल में रह रही थी।जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी और बेटे के बयान दर्ज किए। परिजनों ने आरोप लगाया कि ऐना लंबे समय से जितेंद्र को ब्लैकमेल कर रही थी और उनसे बड़ी रकम भी ऐंठ चुकी थी। इन आरोपों के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

पुलिस जांच में पता चला कि घटना के बाद ऐना भोपाल में अपने रिश्तेदारों के यहां चली गई थी। उसकी लोकेशन मिलने पर बाणगंगा थाना पुलिस की टीम भोपाल पहुंची और उसे इंदौर लेकर आई।फिलहाल वरिष्ठ पुलिस अधिकारी महिला से कारोबारी की मौत और ब्लैकमेलिंग के आरोपों को लेकर पूछताछ कर रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर उसे मामले में आरोपी बनाया जा सकता है।