इंदौर के आजाद नगर इलाके में गणेश उत्सव के जुलूस के दौरान सोमवार रात चाकूबाजी हो गई। इसमें दो नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से 16 वर्षीय कृष्णा पंवार की देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी साहिल आईसीयू में भर्ती है। पुलिस ने एक आरोपी को नामजद कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हत्याकांड में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
आजाद नगर टीआई लोकेश भदौरिया के मुताबिक देर रात एमवाय अस्पताल से सूचना मिली थी कि असरावद खुर्द निवासी कृष्णा (16) पिता शेरू पंवार और उसके साथी साहिल पिता रमेश कजोले को चाकू मारे गए हैं। अस्पताल में उपचार के दौरान कृष्णा की मौत हो गई।
डीजे की गाड़ी के पीछे नाच रहे थे
पुलिस के मुताबिक दोनों नाबालिग गणेश उत्सव के जुलूस में शामिल होने तेजाजी नगर से आजाद नगर आए थे। इलाके में एक साथ 9 से ज्यादा डीजे वाहन निकल रहे थे। दोनों जयदीप डीजे की गाड़ी के पीछे नाच रहे थे। इसी दौरान उनका कुशाल उर्फ कुणाल नाम के युवक से विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने चाकू से कृष्णा की छाती पर वार कर दिया। वह जमीन पर गिर गया। कृष्णा को बचाने के लिए साहिल आगे आया तो आरोपी ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां कृष्णा की मौत हो गई। साहिल का आईसीयू में उपचार चल रहा है।
मजदूरी करते हैं दोनों के परिवार
परिजनों के मुताबिक कृष्णा और साहिल के परिवार मजदूरी करते हैं। दोनों नाबालिग मकान निर्माण से जुड़े काम में भी हाथ बंटाते थे।पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नामजद आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस जुलूस के दौरान मौजूद लोगों और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।