
मध्यप्रदेश में मूल भाव यही रहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजनशील… और (भाजपा के भगवान) मोदी भी सृजनशील…
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मानें तो विश्वकर्मा और नरेंद्र मोदी में बहुत बड़ी समानता है। भगवान विश्वकर्मा भी सृजनशील हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सृजनशील हैं।भगवान विश्वकर्मा ने अपनी सृजनशीलता और कौशल से सृष्टि के निर्माण को सुंदर स्वरूप प्रदान किया। भारत जिस सामर्थ्य और गौरव के साथ विश्व पटल पर खड़ा है, उसमें प्रधानमंत्री मोदी का महत्वपूर्ण योगदान है। प्रधानमंत्री के रूप में अपनी यात्रा में उन्होंने भारत की प्रतिभा, सामर्थ्य और शक्ति को हर क्षेत्र में विश्व पटल पर प्रतिष्ठित किया है। सच्चे अर्थों में प्रधानमंत्री मोदी भगवान विश्वकर्मा के अनुयायी हैं। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति की जरूरतों का ध्यान रखते हुए गरीबों को आवास से लेकर उनके भोजन तक की व्यवस्था सुनिश्चित की है। विश्व भारत की ओर उम्मीद और विश्वास से देख रहा है। राष्ट्र निर्माण के प्रति तपोनिष्ठ प्रधानमंत्री मोदी की कर्मठता और सृजनशीलता सभी के लिए प्रेरणादायी है। बात यहां तक भी ठीक है कि मोहन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सच्चे अर्थों में भगवान विश्वकर्मा का अनुयायी बताया है। वैसे भाजपा में तो मोदी को भगवान का दर्जा देने वाले नेताओं की भी कमी नहीं है।
खैर मध्य प्रदेश में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की उपस्थिति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिन को ऐतिहासिक रूप से मनाया गया है। नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष के अवसर पर पार्टी द्वारा चलाये जा रहे राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान के तहत उज्जैन में मोक्षदायिनी माँ शिप्रा के राम घाट पर “आशीर्वाद का दीया” प्रज्वलित किया। उन्होंने कहा कि आशीर्वाद का दीया’ केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि मोदी के प्रति 140 करोड़ देशवासियों के स्नेह, शुभकामनाओं और आशीर्वाद की अभिव्यक्ति है। मोक्षदायिनी माँ शिप्रा के रामघाट पर जिस तरह लोगों ने लाखों दीये प्रज्वलित कर अपने लोकप्रिय प्रधानमंत्री को अपना आशीर्वाद दिया है, वह अद्वितीय, अलौकिक और भावविभोर करने वाला है। मोदी प्रधानमंत्री नहीं, प्रधान सेवक हैं जिनका सेवा मंत्र है – अंत्योदय, राष्ट्र प्रथम का भाव और विरासत के साथ विकास। पिछले 25 वर्षों में मोदी ने तपस्या और समर्पण के जिस भाव से इस देश के लोगों की सेवा की है, वह हम सबके लिए अभिनंदनीय है। हम अपने प्रधानमंत्री के यशस्वी एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हैं। प्रधानमंत्री जी, आप इसी प्रकार देश का नेतृत्व करते रहिए। सभी 140 करोड़ देशवासी आपको आशीर्वाद देते हैं और आपके लिए आज आशीर्वाद का दिया प्रज्ज्वलित कर रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के संकल्प से प्रेरित है। तो विपक्ष पर निशाना साधे बिना शायद मोदी का सेवा संकल्प अभियान पूर्ण नहीं हो पाता इसलिए नितिन नवीन ने भी यह पूर्णाहुति की, कि विपक्ष ने केवल राजनीति की, हमने समाज को जोड़ने का काम किया।सेवा के शब्द का मतलब वे समझ ही नहीं सकते। अगर 140 करोड़ देशवासी अपने परिवार के साथ मिलकर अपने प्रधानमंत्री के लिए दीया जलाते हैं जिन्होंने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अपने आप को समर्पित कर दिया तो विपक्ष को आपत्ति क्यों होती है?
नितिन नवीन ने इससे पहले इंदौर में स्वामित्व योजना के तहत नई राज्यव्यापी पंजीकरण प्रक्रिया का शुभारंभ किया और इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में स्वामित्व योजना के माध्यम से लोगों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है। यह केवल कागज का एक टुकड़ा नहीं है और न ही केवल संपत्ति की रक्षा का विषय है, बल्कि यह मोदी के नेतृत्व में परिवारजनों को उनके सुनहरे भविष्य और स्वाभिमान के साथ जिंदगी जीने का रास्ता देने का प्रयास है। भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बड़े प्रयास से कई आयामों पर काम करते हुए 55 जिलों के 41,568 गांवों में करीब 68,47,000 भूखंडों का सर्वे किया है। आज निःशुल्क रजिस्ट्री के माध्यम से 50 लाख लोगों को उनका अधिकार देने की शुरुआत हो रही है, जो प्रशंसनीय और अभिनंदनीय है।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मैं मानता हूं कि जिस प्रकार भगवान विश्वकर्मा ने कई चीजें हमारे अंदर आशीर्वाद के रूप में दी हैं, उसी प्रकार प्रधानमंत्री मोदी ने भी भारत के निर्माण में, भारत के लोगों को विश्वास के साथ उनकी विरासत को आगे बढ़ाते हुए, 140 करोड़ लोगों को देश के विकास के साथ जोड़ने का काम किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अब पात्र ग्रामीण परिवार अपनी संपत्ति के पंजीकृत दस्तावेज के आधार पर आर्थिक गतिविधियों और ऋण जैसी सुविधाओं के लिए अपनी संपत्ति का उपयोग अधिक सुगमता से कर सकेंगे। पात्र हितग्राहियों से स्टाम्प ड्यूटी एवं पंजीयन शुल्क नहीं लिया जाएगा और इसका खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई स्वामित्व योजना को प्रदेश के मुख्यमंत्री जमीन पर उतार रहे हैं। बड़े सौभाग्य का दिन है कि आज प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने स्वामित्व योजना का शुभारंभ किया। स्वामित्व योजना ग्रामीण भारत की तस्वीर बदलने का कार्य कर रही है।
यानि कि 17 सितम्बर 2026 की तारीख मध्य प्रदेश के इतिहास में दर्ज हो गई है। मोदी के जन्मदिन पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, आशीर्वाद के लाखों दियों सहित प्रधानमन्त्री स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन के साक्षी बने। और हजारों भाजपा कार्यकर्ता सेतु बनकर सभी जगह मोदी की दीर्घायु की कामना करते नजर आए। नितिन नवीन, डॉ. मोहन यादव यही भाव अभिव्यक्त करते रहे कि भगवान विश्वकर्मा भी सृजनशील… और (भाजपा के भगवान) मोदी भी सृजनशील…।

कौशल किशोर चतुर्वेदी
कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।