
भाजपा में 23 सितंबर, मध्य प्रदेश का दिन था…
विश्व के सबसे बड़े राजनैतिक दल भारतीय जनता पार्टी में 23 सितंबर 2026 का दिन मध्यप्रदेश का था। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने
प्रदेश प्रभारियों और सह प्रभारियों की नियुक्ति की लंबी सूची जारी की। इसमें मध्य प्रदेश के चार नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। तो सवा महीने में ही मध्य प्रदेश से राष्ट्रीय संगठन में गए आशीष ऊषा अग्रवाल ने सवा महीने में ही सह संयोजक से संयोजक बनने की बड़ी उपलब्धि हासिल की है। तो मध्य प्रदेश में संगठन महामंत्री का दायित्व निभाने वाले अरविन्द मेनन को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से नवाजा गया है। इसके अलावा सबसे महत्वपूर्ण नियुक्ति मध्य प्रदेश के प्रभारी के रूप में त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री रहे बिप्लब देव की रही। बिप्लब देव भी त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बनने से पहले मध्य प्रदेश के एक सांसद के सहयोगी के रूप में भी जाने जाते रहे हैं। ऐसे में मध्य प्रदेश भाजपा को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष गौरव हासिल हुआ है तो इसी दिन आशीष, उषा अग्रवाल के दिल्ली जाने के बाद पिछले सवा महीने से रिक्त पड़े प्रदेश मीडिया प्रभारी के पद पर ब्रजगोपाल लोया की नियुक्ति कर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है।
मध्यप्रदेश सरकार में पूर्व मंत्री व भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य को पश्चिम बंगाल भाजपा सह प्रभारी बनाया गया है, तो मध्य प्रदेश के खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र से सांसद, भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल को झारखंड भाजपा प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं भाजपा राष्ट्रीय मंत्री व मध्यप्रदेश से राज्यसभा सदस्य कविता पाटीदार को राजस्थान सह प्रभारी एवं मध्यप्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद भदौरिया को आंध्र प्रदेश भाजपा प्रभारी मनोनीत किया गया है। लाल सिंह आर्य मध्य प्रदेश की राजनीति में हासिए पर जाने के बाद राष्ट्रीय संगठन में सक्रिय हो गए थे। और अब उन्हें नितिन नबीन की टीम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के साथ-साथ पश्चिम बंगाल भाजपा सह प्रभारी बनाकर पार्टी ने उनका कद बढ़ाया है। पश्चिम बंगाल में हाल ही में भाजपा की सरकार बनी है। और पश्चिम बंगाल, तृणमूल कांग्रेस में मची भगदड़ के लिए भी चर्चा में है। ऐसे में यहाँ की ज़िम्मेदारी मिलना लाल सिंह आर्य के लिए एक उपलब्धि माना जा सकता है। वहीं, गजेंद्र सिंह पटेल को कांग्रेस शासित झारखंड में प्रभारी बनाकर भाजपा ने यह संकेत दिया है कि
आदिवासी जनसंख्या बाहुल्य झारखंड में पटेल का मार्गदर्शन भाजपा की वापसी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। तो 2023 विधानसभा चुनाव हारने के बाद पार्टी में नई भूमिका की तलाश में ढाई वर्ष बिता चुके डॉ. अरविंद भदौरिया को आंध्र प्रदेश का प्रभारी बनाकर उनकी संगठनात्मक क्षमता का सम्मान किया है। आंध्र प्रदेश में तेलुगु देशम पार्टी ( टीडीपी), जन सेना पार्टी ( जेएसपी) और भारतीय जनता पार्टी ( बीजेपी) के गठबंधन (एनडीए) की सरकार है, जिसके मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू हैं। तो सांसद कविता पाटीदार पर केंद्रीय संगठन ने भरोसा जताकर यही साबित किया है कि भाजपा में मेहनत और काम का सम्मान हमेशा ही हुआ है।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने राष्ट्रीय मीडिया सह संयोजक आशीष उषा अग्रवाल को करीब सवा महीने के भीतर ही राष्ट्रीय मीडिया विभाग का संयोजक बनाकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।मध्यप्रदेश से आने वाले आशीष उषा अग्रवाल पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया विभाग की इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी तक पहुंचने वाले पहले नेता हैं। आशीष उषा अग्रवाल लगातार दूसरी बार मध्यप्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। संगठन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय, सहज व्यवहार तथा पत्रकारों के साथ उनके आत्मीय संबंधों ने उन्हें अलग पहचान दिलाई है। यही कारण है कि संगठन में उनकी कार्यशैली और मीडिया के साथ संवाद की क्षमता को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।सवा महीने की अल्प अवधि में जिम्मेदारी का विस्तार होना उनके कामकाज पर संगठन के विश्वास को दर्शाता है। मध्यप्रदेश भाजपा के मीडिया प्रबंधन से लेकर राष्ट्रीय मीडिया विभाग की कमान तक उनका सफर संगठन में निरंतर बढ़ती उनकी सक्रियता को दर्शाता है। इसके साथ ही
आशीष अग्रवाल के राष्ट्रीय दायित्व को संभालने पर खाली हुए प्रदेश मीडिया प्रभारी के पद पर वरिष्ठ नेता ब्रजगोपाल लोया की नियुक्ति कर प्रदेश संगठन ने यही संदेश दिया है कि काम करने वाले सभी चेहरे उसकी नजर में हैं। वर्ष 1991 में भारतीय जनता पार्टी से जुड़ने के बाद उन्होंने विभिन्न संगठनात्मक एवं राजनीतिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रदेश स्तर पर अपनी सक्रिय भूमिका बनाई।
तो राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक मामलों में अपना परचम फहराने वाली मध्य प्रदेश भाजपा के नेताओं को मिले पद उनकी योग्यता का सम्मान ही हैं। देखा जाए तो भारतीय जनता पार्टी में 23 सितम्बर 2026 का दिन मध्य प्रदेश का था…।

कौशल किशोर चतुर्वेदी
कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।