CM डॉ. मोहन यादव को जान से मारने की धमकी, डायल-112 के WhatsApp पर भेजा मैसेज; भोपाल क्राइम ब्रांच ने मुंबई से आरोपी को किया गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने मुंबई से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने भोपाल के भदभदा स्थित रेडियो मुख्यालय में संचालित डायल-112 के WhatsApp नंबर पर धमकी भरा संदेश भेजा था।

स्वच्छ सर्वेकषण 2024 के परिणाम घोषित भोपाल को राष्ट्रिय स्तर पर मिला दूसरा स्थान अहमदाबाद आया प्रथम – 116

संदेश में मुख्यमंत्री को लेकर आपत्तिजनक बातें भी लिखी गई थीं। पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए आरोपी की लोकेशन मुंबई में ट्रेस की और अब उसे पूछताछ के लिए भोपाल लाया जा रहा है।

डायल-112 के WhatsApp पर आया मैसेज

पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर की सुबह करीब 11:30 बजे डायल-112 के WhatsApp हेल्पलाइन नंबर पर धमकी भरा संदेश आया। इसमें CM डॉ. मोहन यादव को जान से मारने की बात कही गई थी। संदेश में यह भी लिखा गया कि वे ज्यादा दिन तक नहीं बच सकेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री के खिलाफ अन्य आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गई थीं।

मैसेज एडिट कर फिर किया डिलीट

धमकी देने वाले ने बाद में संदेश को दो बार एडिट किया और उसमें कुछ अतिरिक्त बातें जोड़ीं। इसके बाद उसने मैसेज डिलीट कर दिया। हालांकि, डायल-112 पर तैनात कर्मचारियों ने समय रहते उसका स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिया था। यही स्क्रीनशॉट पुलिस की जांच में अहम डिजिटल साक्ष्य बना।

मोबाइल नंबर से मुंबई तक पहुंची पुलिस

मामले की शिकायत मिलने के बाद इसे भोपाल क्राइम ब्रांच को जांच के लिए भेजा गया। पुलिस ने धमकी भरा WhatsApp संदेश भेजने वाले मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच की। जांच में नंबर की लोकेशन मुंबई सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम मुंबई पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उसे भोपाल ला रही है।

पूछताछ में सामने आएंगे कई सवाल

भोपाल लाए जाने के बाद आरोपी से धमकी देने की वजह, संदेश में किए गए दावों और उसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका को लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने संदेश के स्क्रीनशॉट के साथ अन्य तकनीकी साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया है। फिलहाल मामले में आरोपी की मंशा और किसी संभावित सहयोगी की भूमिका की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *