उज्जैन में दो युवक 19 वर्षीय युवती को जबरदस्ती कार में बैठाकर ले गए। परिजन थाने पहुंचे तो पुलिस ने अपहरण की FIR दर्ज कर ली। आरोपियों की तलाश में टीमें भी लगा दीं। वारदात के कुछ ही घंटे बाद युवती ने मोबाइल से एक वीडियो रिकॉर्ड कर परिजन को भेजा। इसमें कहा कि वह अपनी मर्जी से युवकों के साथ आई है और दो-तीन में लौट आएगी।
मामला उज्जैन के लालबाई-फूलबाई इलाके में मंगलवार रात का है। युवती का पिता थाने की क्रेन चलाता है।पुलिस के मुताबिक, युवती रात करीब 8 बजे घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान बिना नंबर की काली कार से दो युवक वहां आए। उन्होंने युवती को खींचकर कार में बैठाया और भाग निकले। पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
टीआई बोले- अपहरण का केस दर्ज किया
टीआई प्रतीक शर्मा ने कहा- अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया है। जांच में उर्दूपुरा निवासी ध्रुव कुमावत का नाम सामने आया है। उसके साथ एक अन्य युवक भी था। ध्रुव का मोबाइल बंद है, जिसे पुलिस ट्रेस करने का प्रयास कर रही है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस की एक टीम
पुलिस ने आरोपियों और युवती की तलाश के लिए कई टीमें बनाई हैं। एक टीम कार और आरोपियों की तलाश कर रही है जबकि दूसरी टीम संबंधित रास्ते के CCTV फुटेज खंगाल रही है।टीआई शर्मा का कहना है कि आरोपियों के पकड़े जाने के बाद वारदात की वजह स्पष्ट होगी।
युवती बोली- अपनी मर्जी से गाड़ी में बैठी
परिजन को भेजे वीडियो में युवती के साथ आरोपी ध्रुव दिख रहा है। वह कह रहा है- मैं इससे 4 साल से बात कर रहा हूं। हम दोनों अपनी मर्जी से भागे हैं और हमारे घरवालों पर कोई प्रेशर मत डालो।युवती भी कहती है कि वह मर्जी से गाड़ी में बैठी थी। वीडियो में युवती अपनी उम्र भी बता रही है। युवक और युवती ने शादी करने की बात भी कही है।