टीकमगढ़ में शराब दुकान पर फायरिंग-लूट: कर्मचारी के सिर के पास से निकली गोली, बोतलें लूटकर गानों पर डांस करते भागे बदमाश; मुख्य आरोपी कुलदीप पर पहले से केस

टीकमगढ़ में चार बदमाशों ने शराब दुकान के कर्मचारी पर कट्टे से फायर कर दिया। इसके बाद दुकान के अंदर घुसकर शराब की बोतलें लूटीं और गानों की धुन पर डांस करते हुए भाग गए। घटना देहात थाना क्षेत्र के बाबरी स्थिति मोहनगढ़ तिराहे की है। फायरिंग और लूट की यह वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। शुक्रवार को इसका वीडियो सामने आया है।

वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें चार आरोपी दिखाई दे रहे हैं।

रात 8:45 बजे पहुंचे थे चार बदमाश

घटना गुरुवार रात करीब 8:45 बजे की है। आशीष शिवहरे (निवासी नौगांव) की कंपोजिट शराब दुकान पर कर्मचारी भूपेंद्र राय बैठा था, तभी चार बदमाश वहां पहुंचे। CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि बाहर खड़े एक बदमाश ने खिड़की से कट्टा अड़ाकर सीधे कर्मचारी पर फायर कर दिया।

गोली कर्मचारी के सिर के ठीक पास से गुजरती हुई पीछे रखी शराब की बोतलों में जा लगी। इसके बाद तीन बदमाश दरवाजा खोलकर दुकान के अंदर दाखिल हो गए।

तस्वीरें देखिए

बदमाशों ने दुकान के बाहर से कर्मचारी पर कट्टे से फायर किया

गोली सिर के पास से निकलती हुई शराब की बोतल में लगी

इसके बाद चार लोग दुकान में घुस गए।

आरोपी बोला- ठेकेदार से कह दो कुलदीप आया था

दुकान के अंदर दाखिल हुए बदमाशों ने करीब 15 से 20 मिनट तक तांडव मचाया। फुटेज में बदमाश दुकान के भीतर बज रहे गानों की धुन पर बेखौफ होकर डांस करते नजर आ रहे हैं।

कर्मचारी को धमकाते हुए बदमाशों ने कहा- अपने ठेकेदार से कह देना कि कुलदीप आया था और शराब की बोतलें चाहिए थीं। इसके बाद आरोपी अंग्रेजी शराब की महंगी बोतलें उठाकर आसानी से फरार हो गए। घटना के बाद घबराए कर्मचारी ने तुरंत ठेकेदार और देहात थाना पुलिस को सूचना दी।

पुराना शराब कारोबारी है मुख्य आरोपी, कई केस

पुलिस जांच में मुख्य आरोपी की पहचान कुलदीप यादव (निवासी ग्राम शिवराजपुरा) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक कुलदीप का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह अवैध शराब के कारोबार से जुड़ा रहा है। उसके खिलाफ पहले से ही मोहनगढ़ और दिगौड़ा थानों में अवैध शराब बिक्री के कई मामले दर्ज हैं।

बीजेपी नेता ने झाड़ा पल्ला, कहा- जुर्म किया है तो मिले सजा

मामला सामने आने के बाद चर्चा चली कि आरोपी कुलदीप भाजपा के जिला महामंत्री अभय यादव का रिश्तेदार (बुआ का नाती) है। हालांकि, भाजपा जिला महामंत्री अभय यादव ने कहा- कुलदीप से मेरा कोई लेना-देना नहीं है। शिवराजपुर गांव मेरी जन्मभूमि है, लेकिन मैं टीकमगढ़ में रहता हूं। गांव में कोई भी रिश्तेदारी जोड़ लेता है। यदि उसने अपराध किया है तो पुलिस को सख्त से सख्त सजा देनी चाहिए।

पुलिस का दावा: जल्द सलाखों के पीछे होंगे आरोपी

देहात थाना प्रभारी के अनुसार आरोपियों की पहचान की जा चुकी है और उनके संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *