दिल्ली के जंतर-मंतर पर 2 अक्टूबर को कॉकरोज जनता पार्टी (CJP) समेत कई दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर प्रदर्शन का ऐलान किया है. ऐसे में पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. दिल्ली में आज धारा-163 लागू है.

जंतर-मंतर पर भारी पुलिस बल तैनात
नई दिल्ली:
दिल्ली के जंतर-मंतर पर राजनीतिक माहौल 2 अक्तूबर की सुबह से ही गर्म है. मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोज जनता पार्टी (CJP) समेत कई दलों ने आज प्रदर्शन शुरू किया है. ऐसे में दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर सुरक्षा कड़ी कर दी है. यहां बैरिकेडिंग की गई है साथ ही अतिरिक्त सुरक्षाबलों की मांग की गई है. दिल्ली में धारा-163 लागू है, सुबह दिल्ली में 11 मेट्रो स्टेशन बंद किए थे, जबकि अब 12वां स्टेशन भी बंद कर दिया गया है. लुटियंस जोन को सुबह से ही छावनी में तब्दील कर दिया गया है. दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से अतिरिक्त सुरक्षा बलों की मांग की है. अब तक यहां 700 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों का पुलिस ने हिरासत में लिया है. इस इलाके में इंटरनेट बंद कर दिया गया है.
जंतर-मंतर कई नेताओं को हिरासत में लिया गया
दिल्ली के जंतर-मंतर पर चुनाव आयोग और SIR प्रक्रिया के प्रदर्शन के लिए पहुंचे कई नेताओं को हिरासत में लिया गया है. AAP नेता सौरभ भारद्वाज, संजय सिंह, आतिशी RJD सांसद मनोज झा समेत 500 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है.
सौरभ भारद्वाज ने कहा ‘उन्हें शर्म आनी चाहिए, क्या विरोध प्रदर्शन के लिए इजाजत की जरूरत होती है? आखिरकार यह गांधी का देश है. आज गांधी जयंती है. पुलिस स्टेट बनाने के बावजूद ज्ञानेश कुमार प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह अपने गुनाह को छिपा नहीं पाएंगे.’ पुलिस यहां लोगों को जुटने नहीं दे रही है. दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ खुद जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध-प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया हैं. दिल्ली पुलिस ने जंतर मंतर पर ड्रोन से भी निगरानी करनी शुरू कर दी है, जबकि यहां हर सड़क पर पूरी नजर रखी जा रही है. सबसे पहले आप नेता सौरभ भारद्वाज यहां प्रदर्शन के लिए पहुंचे थे, जिन्हें हिरासत में ले लिया गया है.
हिरासत में लिए जाने से पहले सौरभ भारद्वाज ने कहा ‘मैं यहां पर अकेला आया हूं. इस समय मेरे घर के बाहर करीब 30-40 पुलिसकर्मी तैनात हैं. हमारे तमाम नेताओं के घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है. मैं हमारे देश के युवाओं से कहना चाहता हूं कि जब मैं बिना किसी वाहन के पुलिस के जंतर-मंतर से मेट्रो से पहुंच सकता हूं तो आप भी आ सकते हैं. तमाम युवाओं से मैं कहना चाहता हूं कि जब मैं पहुंच सकता हूं तो आप भी पहुंच सकते हैं.’
जंतर-मंतर पर इंटरनेट बंद
जंतर मंतर पर सभी सड़कें सील कर दी गई हैं, जबकि यहां इंटरनेट भी बंद कर दिया गया है. इससे पहले 11 मेट्रो स्टेशन भी बंद कर दिए गए थे. दिल्ली में यहां लोग प्रदर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. लेकिन पुलिस ने मोर्चा संभाल रखा है. लुटियन जोन पूरी तरह से सील कर दिया गया है.

CJP समेत कई दलों का प्रदर्शन
दरअसल, यह विरोध प्रदर्शन सीजेपी, AISA, राज्यसभा सांसद मनोज झा और सुप्रीम कोर्ट के वकील प्रशांत भूषण ने बुलाया है. ये सभी चुनावी रोल और चुनाव संचालन में अनियमितताओं के आरोपों के कारण मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग कर रहे हैं.दिल्ली पुलिस ने चुनावी रोल में कथित अनियमितताओं को लेकर शुक्रवार को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है. ऐसे में मध्य दिल्ली में सुरक्षा कड़ी कर दी है. क्योंकि भले ही विरोध प्रदर्शन को अनुमति नहीं मिली है, लेकिन यहां फिर भी लोगों के बड़ी संख्या में पहुंचने की संभावना बनी हुई है.
जंतर-मंतर पर बैरिकेडिंग
जंतर-मंतर जाने वाले इलाकों, जिनमें टॉल्स्टॉय मार्ग, जनपथ रोड और संसद मार्ग शामिल हैं, में कई परतों वाली बैरिकेडिंग भी की गई है. जंतर-मंतर पर विरोध स्थल को टॉल्स्टॉय मार्ग और केरल भवन, दोनों तरफ से बंद कर दिया गया है. जंतर-मंतर पर लंबी बैरिकेडिंग की गई है, साथ ही संसद मार्ग के आसपास दिल्ली पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और अर्धसैनिक बलों के हजारों जवानों को तैनात कर दिया गया है. ताकि किसी तरह की परिस्थिति के लिए तैयारी रहे. सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा करते हुए नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की गई है.
पुलिस का स्पष्ट कहना है कि किसी भी तरह के प्रदर्शन को मंजूरी नहीं दी गई है. ऐसे में अगर कोई भी कानून का उल्लंघन करने की कोशिश करेगा, तो उसे तुरंत हिरासत में लिया जाएगा. दिल्ली पुलिस ने सभी से नियमों का पालन करने की अपील की है.
दिल्ली में बन सकती है ट्रैफिक जाम की स्थिति
दिल्ली में ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है, क्योंकि जंतर-मंतर पर सुरक्षा घेरा बढ़ाने और बैरिकेडिंग के कारण लुटियंस दिल्ली और कनॉट प्लेस के आसपास के रास्तों पर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दी है. क्योंकि धारा-163 लागू होने और बैरिकेडिंग की वजह से दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था तगड़ी कर दी गई है.