महंगे जेट फ्यूल का हवाई यात्रियों पर असर: इंडिगो के बाद एअर इंडिया ने भी बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज, इंटरनेशनल उड़ानों पर ₹17,800 और घरेलू टिकट पर ₹1,200 तक एक्स्ट्रा चार्ज

एअर इंडिया की फ्लाइट में कल से सफर करना महंगा हो जाएगा। इंडिगो के बाद एयरलाइन ने भी घरेलू उड़ानों में 1200 रुपए तक और इंटरनेशनल उड़ानों में 17,800 रुपए तक एक्स्ट्रा फ्यूल चार्ज लगाने का ऐलान किया है।

नए फ्यूल चार्ज एयर इंडिया एक्सप्रेस पर भी लागू होंगे, क्योंकि दोनों टाटा ग्रुप की एयरलाइन हैं। नई कीमतें 9 अक्टूबर रात 12:01 बजे से लागू होंगी। एयरलाइन ने यह फैसला एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) यानी जेट फ्यूल महंगा होने की वजह से लिया है।एअर इंडिया ने 7 महीने में तीसरी बार फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया है। इससे पहले एयरलाइन ने इस साल 10 मार्च और फिर 7 अप्रैल को किराया बढ़ाया था।

इंडिगो ने 2 दिन पहले बढ़ाया था किराया

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने भी जेट फ्यूल महंगा होने की वजह से दो दिन पहले यानी 6 अक्टूबर 2026 से किराया महंगा किया था। इंडिगो ने 6 महीने में तीसरी बार फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया। इससे पहले एयरलाइन ने इस साल 14 मार्च और फिर 1 अप्रैल को किराया बढ़ाया था।

जेट फ्यूल 1 अक्टूबर से ₹16 महंगा हुआ

1 अक्टूबर से घरेलू एयरलाइंस के लिए कीमत ₹121 से बढ़कर अब ₹137 हो गई है। यानी 1 लीटर ATF की कीमत 16 रुपए (करीब 13.2%) बढ़ गई है।

तीन महीने में जेट फ्यूल ₹27.28 महंगा

  • अगस्त 2026: ₹5/लीटर
  • सितंबर 2026: ₹6.28/लीटर
  • अक्टूबर 2026: ₹16/लीटर

इंडिगो के अनुसार, पिछले एक ही महीने में जेट फ्यूल के दाम 14% से ज्यादा बढ़ चुके हैं। इसके चलते प्लेन में डलने वाला तेल अब पिछले 10 सालों में सबसे ज्यादा महंगा हो गया है।

एयरलाइंस के लिए सबसे बड़ा खर्च होता है जेट-फ्यूल

एयरलाइंस के लिए जेट-फ्यूल सबसे बड़ा खर्च होता है। कुल ऑपरेटिंग खर्च में इसकी हिस्सेदारी 30% से 40% होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *