राजस्थान में हरियाणा निवासी पूर्व BJP विधायक अतर सिंह भड़ाना की पीट-पीटकर हत्या: क्रेशर प्लांट विवाद में लाठी-पत्थरों से हमला, 70-80 लोगों पर आरोप

हरियाणा में फरीदाबाद के रहने वाले राजस्थान के भरतपुर जिले की बयाना सीट से पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना (68) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। रविवार शाम वह भौंड़ा गांव स्थित अपने क्रेशर प्लांट पर पहुंचे थे। अतर सिंह और ग्रामीणों के बीच करीब 4 साल से क्रेशर प्लांट को लेकर विवाद चल रहा था

राजस्थान में बयाना से पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की पीट-पीटकर हत्या की गई। इनसेट में उनकी

ग्रामीणों का आरोप था कि अतर सिंह ने अतिक्रमण कर रखा था और अवैध खनन कर रहे थे। इसके अलावा लीज के रास्ते पर भी विवाद था। आरोप है कि शाम को कुछ ग्रामीणों ने अतर सिंह और उनके सहयोगी गगन शर्मा पर हमला कर दिया।

अतर सिंह को वैर अस्पताल से जयपुर के SMS अस्पताल में रेफर किया गया। जहां रात 11:30 बजे उनकी मौत हो गई। अतर सिंह 2003 में बयाना से भाजपा के टिकट पर विधायक बने थे। भड़ाना पर हमले के बाद गांव में पुलिस बल तैनात है।

हमले के बाद की तीन तस्वीरें…

पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना के सहयोगी गगन शर्मा हमले में घायल हो गए।

पूर्व विधायक को गंभीर हालत में वैर अस्पताल से जयपुर रेफर किया गया था।

घटना के बाद भौंड़ा गांव में पुलिस बल तैनात किया गया।

पत्नी बोलीं- पुलिस को पता था, कार्रवाई नहीं की

पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश का कहना है कि उनकी क्रेशर लीज का कनेक्शन काट दिया गया था और वाटर पंप भी खराब कर दिया गया था। लीज पर जाने वाले लोगों को भी वहां से भगा दिया जाता था। इस संबंध में पुलिस और प्रशासन को रोजाना सूचना दी जाती थी, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।

कमलेश के मुताबिक, रविवार शाम 6:30 से 7 बजे के बीच 70 से 80 लोगों ने उनके पति और अन्य लोगों पर हमला कर दिया। उन्होंने दावा किया कि अतर सिंह को गोली भी लगी थी। घटना के समय क्रेशर प्लांट पर करीब 20 से 25 कर्मचारी मौजूद थे।

ग्रामीणों का आरोप- धरना स्थल से हटाने के बाद विवाद

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 10 से 15 दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन चल रहा था। रविवार शाम भड़ाना पक्ष के 40 से 50 लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें धरना स्थल से हटा दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-पत्थर चलने लगे। इस संघर्ष में अतर सिंह भड़ाना गंभीर रूप से घायल हो गए।

चार साल से चल रहा था विवाद

थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि करीब 4 साल पहले क्रेशर को लेकर ग्रामीणों और संचालक के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान झगड़े और मारपीट की घटना भी हुई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि अतर सिंह ने चारागाह की जमीन पर अतिक्रमण कर रखा था और अवैध खनन कर रहे थे। क्रेशर की लीज के रास्ते को लेकर भी विवाद चल रहा था। ग्रामीण करीब दो साल से बीच-बीच में धरना-प्रदर्शन कर रहे थे।

थाना प्रभारी के मुताबिक, पिछले एक साल से क्रेशर बंद था। अतर सिंह इसे दोबारा चालू करवाने का प्रयास कर रहे थे। इसी सिलसिले में वह रविवार को क्रेशर प्लांट पर पहुंचे थे, जहां ग्रामीणों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि धरना दे रहे ग्रामीणों ने अतर सिंह पर हमला कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *