फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2030 की बुधवार सुबह जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सुरक्षा एजेंसियों को विमान को हाईजैक करने की सूचना मिली थी।
AI-2030
विमान के उतरते ही अलग-अलग सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी जांच के लिए अंदर पहुंचे। फिलहाल विमान में किसी संदिग्ध गतिविधि या जांच के नतीजे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फ्लाइटरडार24 के मुताबिक, विमान ने 13 अक्टूबर की रात 9:45 बजे फ्रैंकफर्ट से उड़ान भरी थी। इसे 14 अक्टूबर की सुबह 10:40 बजे दिल्ली पहुंचना था, लेकिन जयपुर डायवर्ट किया गया।
सुबह 9.45 बजे जयपुर में लैंडिंग
एयरपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 बजे अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को कुछ सेकेंड का इमरजेंसी सिग्नल मिला था। इसके बाद सुबह करीब 9.10 मिनट पर फ्लाइट का रूट बदलकर जयपुर किया गया। सुबह करीब 9.45 बजे इसे जयपुर में लैंड कराया गया। फ्लाइट को फिलहाल आइसोलेशन-बे में भेजा गया है।
