रिहाना के बयान पर विराट कोहली ने भी किया ट्वीट-रिहाना को लता मंगेशकर ने भी दिया जवाब

   

किसान आंदोलन को लेकर दुनिया भर से लोग ट्वीट कर रहे हैं. कई विदेशियों की तरफ से किए गए ट्वीट के बाद भारत के भी कई क्रिकेट खिलाड़ियों ने ट्वीट किया है. महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने ट्वीट कर कहा है कि भारत की संप्रभुता से किसी भी तरह से समझौता नहीं किया जा सकता है.वहीं अब भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने भी अमेरिकी सिंगर रिहाना के ट्वीट पर बड़ी प्रतिक्रिया दी है. विराट कोहली ने कहा है कि हमें इस समय एकजुट रहने की जरूरत है.

गौरतलब है कि पॉप स्टार रिहाना और ग्रेटा ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर किसान आंदोलन की बात की जिसके बाद विदेशों में भी इस आंदोलन को लेकर बातें होने लगी है.विराट ने अपने ट्वीट में लिखा है कि असहमति के इस वक्त में हम सभी एकजुट रहें. किसान हमारे देश का एक अभिन्न हिस्सा हैं और मुझे यकीन है कि सभी पक्षों के बीच एक सौहार्दपूर्ण समाधान निकल जाएगा ताकि शांति हो और सभी मिलकर आगे बढ़ सकें.’

विराट कोहली के ट्वीट के बाद टीम के उपकप्तान अजिंक्य रहाणे ने भी उसी हैशटैग के साथ ट्वीट किया कि अगर हम सभी एक साथ खड़े हों तो कोई भी ऐसी समस्या नहीं है जिसका हल नहीं निकाला जा सकता. आइए, एकजुट रहें और हमारे आंतरिक मुद्दों को हल करने की दिशा में काम करें.

क्रिकेटर प्रज्ञान ओझा ने भी रिहाना के ट्वीट के बाद अपनी राय दी थी और ट्वीट किया था, ओझा ने लिखा था, ‘मेरा देश हमारे किसानों पर गर्व करता है और जानता है कि वे कितने महत्वपूर्ण हैं. मुझे विश्वास है कि इसे जल्द ही सुलझा लिया जाएगा. हमें हमारे अंदरूनी मामलों में किसी बाहरी व्यक्ति को नाक घुसेड़ने की जरूरत नहीं है’
किसान आंदोलन के लेकर राजनीति पार्टी के अलावा बॉलीवुड सेलिब्रेट ने भी ट्वीट कर अपनी बात रखी है. सोशल मीडिया पर इस आंदोलन को लेकर लगातार ट्वीट हो रहे हैं.

किसान आंदोलन के समर्थन में ट्वीट कर घिरीं रिहाना समेत विदेशी हस्तियों को एक के बाद एक भारत के प्रमुख लोग जवाब दे रहे हैं। बॉलीवुड से जुड़े तमाम सेलिब्रिटीज के ट्वीट करने के बाद अब भारत रत्न लता मंगेशकर ने रिहाना-ग्रेटा थनबर्ग को जवाब दिया है। उन्होंने कहा है कि हम अपनी समस्याओं को खुद ही सुलझा सकते हैं।
लता मंगेशकर ने ट्वीट कर लिखा है, ”भारत गौरवशाली राष्ट्र है और हम सभी भारतीय सिर ऊंचा करके खड़े हैं। एक गर्व करने वाले भारतीय के रूप में, मुझे पूरा विश्वास है कि जिन मुद्दों या समस्याओं का हम सामना कर रहे हैं, हम उनके लोगों के हित को ध्यान में रखते हुए, उनका समाधान करने के लिए पूरी तरह से सक्षम हैं।” इसके साथ ही उन्होंने भी अपने ट्वीट में इंडिया टुगेदर और इंडिया अगेंस्ट प्रोपेगैंडा हैशटैग का इस्तेमाल किया।

बता दें कि पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन की दिशा में काम करने वालीं ग्रेटा थनबर्ग, अमेरिकी उप राष्ट्रपति कमला हैरिस की भांजी सहित अंतरराष्ट्रीय समुदाय के अनेक लोगों ने केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के प्रदर्शनों के प्रति समर्थन व्यक्त किया था। पॉप स्टार रिहाना ने एक खबर साझा की थी जिसमें कई इलाकों में इंटरनेट सेवा बंद करके किसानों के खिलाफ केंद्र की कार्रवाई का जिक्र किया गया था, इसके बाद लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। मंत्रालय ने कहा है कि कुछ निहित स्वार्थी समूह प्रदर्शनों पर अपना एजेंडा थोपने का प्रयास कर रहे हैं और संसद में पूरी चर्चा के बाद पारित कृषि सुधारों के बारे में देश के कुछ हिस्सों में किसानों के बहुत ही छोटे वर्ग को कुछ आपत्तियां हैं।

थनबर्ग ने मंगलवार को ट्वीट किया कि हम भारत में किसानों के आंदोलन के प्रति एकजुट हैं। उन्होंने इसके साथ ही सीएनएन की एक खबर टैग की जिसका शीर्षक था ”प्रदर्शनकारी किसानों और पुलिस में झड़प के बीच भारत ने नई दिल्ली के आसपास इंटरनेट सेवा बंद की।”
इसके जवाब में भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रदर्शन के बारे में जल्दबाजी में टिप्पणी से पहले तथ्यों की जांच-परख की जानी चाहिए और सोशल मीडिया पर हैशटैग तथा सनसनीखेज टिप्पणियों की ललक न तो सही है और न ही जिम्मेदाराना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *