करोड़ों की संपत्ति जुटाने के आरोपों से घिरे हेड कॉन्स्टेबल फिरोज खान से जुड़े जमीन के मामले में एक नया वीडियो सामने आया है।मामला मगरखेड़ी की कस्तूरीबाई से जुड़ा है, जिनकी पारिवारिक जमीन का करीब 150 करोड़ रुपए में सौदा किए जाने की बात सामने आई थी।
इस सौदे में फिरोज खान गवाह बताया गया है। अब सामने आए वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि इंदौर के एक अस्पताल में भर्ती कस्तूरीबाई से उनके परिवार के लोगों को मिलने से रोकने की व्यवस्था की गई थी।
बताया जा रहा है कि जमीन के सौदे के कुछ दिन बाद कस्तूरीबाई की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि इस दौरान उनके परिजनों को उनसे मिलने से रोकने के लिए अस्पताल को लिखित सूचना दी गई थी।इस घटनाक्रम को जमीन के सौदे से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, मुलाकात पर रोक लगाने के निर्देश किसने दिए और इसके पीछे क्या वजह थी, यह जांच का विषय है

यह वीडियो अब जांच के घेरे में आ गया है।

अस्पताल में मुलाकात रोकने के लिए लिखित सूचना देने का दावा
सामने आए वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि अस्पताल में पुलिस सुरक्षा के बीच फिरोज खान का करीबी बताया जा रहा एक व्यक्ति मौजूद था।
वीडियो में एक अन्य पुलिसकर्मी भी नजर आने की बात कही जा रही है। आरोप है कि फिरोज खान के कहने पर अस्पताल को लिखित में सूचना दी गई थी कि कस्तूरीबाई से किसी को मिलने न दिया जाए। हालांकि, इस दावे और वीडियो में नजर आ रहे लोगों की भूमिका की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

वीडियो से उठे सवाल, जांच में स्पष्ट होगी भूमिका
इस मामले में अब कई सवाल उठ रहे हैं। कस्तूरीबाई से मुलाकात पर रोक लगाने का निर्देश किसने दिया था? अस्पताल को लिखित सूचना किसने दी और उसका आधार क्या था? क्या इस फैसले का जमीन के सौदे से कोई संबंध था? इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।
जमीन के सौदे, उसमें फिरोज खान की गवाह के रूप में बताई जा रही भूमिका और अस्पताल में कस्तूरीबाई से मुलाकात पर रोक लगाए जाने के आरोपों की जांच लोकायुक्त पुलिस करेगी। जांच में साइबर सेल की मदद भी लिए जाने की बात कही गई है।

वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं
दैनिक भास्कर इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता। वीडियो में दिखाई देने वाले व्यक्तियों की पहचान, अस्पताल को दी गई कथित लिखित सूचना और जमीन के सौदे से उसके संबंध की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।