टीम मीटिंग तक पहुंचा किसान आंदोलन का मुद्दा, विराट कोहली बोले- खिलाड़ियों ने चर्चा की

देश में जारी किसान आंदोलन का मुद्दा अब भारतीय क्रिकेट टीम की मीटिंग तक पहुंच गया है। टीम इंडिया के कैप्टन विराट कोहली ने गुरुवार को कहा कि टीम मीटिंग में इस पर संक्षिप्त चर्चा हुई। भारत और इंग्लैंड के बीच 4 मैचों की टेस्ट सीरीज शुक्रवार से शुरू होगी जिसका पहला मुकाबला चेन्नै में खेला जाना है।विराट कोहली  इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज से पहले वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में संवाददाताओं के सवालों के जवाब दे रहे थे। उनसे जब किसान आंदोलन पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर टीम मीटिंग में संक्षिप्त चर्चा हुई।

कोहली ने इस संक्षिप्त बातचीत का ब्यौरा नहीं दिया. इंग्‍लैंड के खिलाफ टेस्‍ट सीरीज में विराट कोहली टीम इंडिया में वापसी कर रहे हैं. ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्‍ट के बाद विराट पेरेंटिंग लीव पर भारत वापस लौट आए थे.

उन्होंने कहा ,‘‘ हमने टीम बैठक में इस पर बात की । सभी ने अपनी राय रखी .”बुधवार को कोहली , सचिन तेंदुलकर, कोच रवि शास्त्री समेत कई भारतीय क्रिकेट सितारों ने किसानों के प्रदर्शन पर अमेरिकी पॉप स्टार रिहाना समेत कुछ अंतरराष्ट्रीय हस्तियों के सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने के बाद देश में एकजुटता बनाये रखने की अपील की थी. कोहली ने ट्वीट किया था,‘‘असहमति के इस दौर में एकजुटता बनाए रखें.किसान देश का अभिन्न अंग हैं और मुझे यकीन है कि सभी पक्षों के बीच आपसी सहमति से कोई हल निकल आएगा”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *