फाइजर ने भारत में इमरजेंसी इस्तेमाल की मंजूरी के लिए दिया आवेदन वापस लिया

अमेरिकी दवा निर्माता कंपनी फाइजर ने भारत में अपने कोविड -19 वैक्सीन के इमरजेंसी इस्तेमाल की मंजूरी के लिए दिए गए आवेदन को वापस लेने का फैसला किया है। फाइजर के प्रवक्ता ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। फाइजर पहली कंपनी थी, जिसने भारत में वैक्सीन के आपात उपयोग की अनुमति के लिए औषधि नियामक ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) के समक्ष आवेदन किया था. इससे पहले, कंपनी को ब्रिटेन और बहरीन में इस तरह की मंजूरी मिल चुकी थी.

फाइजर के प्रवक्ता ने बयान में कहा, “कोविड-19 वैक्सीन के आपात उपयोग की अनुमति के सिलसिले में फाइजर ने तीन फरवरी को औषधि नियामक की सब्जेक्ट एक्सपर्ट कमेटी की बैठक में हिस्सा लिया. बैठक में हुए विचार-विमर्श और नियामक को अतिरिक्त जानकारी की जरूरत होने की हमारी समझ के आधार पर, कंपनी ने इस समय अपने आवेदन को वापस लेने का फैसला किया है.”

बयान में कहा गया है कि फाइजर प्राधिकरण के साथ संपर्क में रहेगा और निकट भविष्य में वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त जानकारी के साथ अनुमति के लिए फिर से आवेदन करेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *