आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर तेजी से बढ़ते निवेश और बदलती व्यावसायिक जरूरतों के बीच माइक्रोसॉफ्ट ने अपने कर्मचारियों के लिए एक नया प्रोग्राम शुरू किया है. कंपनी ने ‘वॉलेंटरी एग्जिट ऑफर’ (VEO) के तहत पात्र कर्मचारियों को वित्तीय सहायता और करियर प्लानिंग सुविधा के साथ कंपनी छोड़ने का विकल्प दिया है.

AI पर अरबों डॉलर खर्च कर रही Microsoft, अब कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने का ऑफर
यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब माइक्रोसॉफ्ट AI इंफ्रास्ट्रक्चर, डेटा सेंटर और नई तकनीकों पर बड़े पैमाने पर निवेश कर रही है और कार्यबल को नई जरूरतों के अनुरूप ढालने की कोशिश कर रही है.
क्या है नया वॉलेंटरी एग्जिट ऑफर?
माइक्रोसॉफ्ट की एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और चीफ पीपल ऑफिसर एमी कोलमैन ने कर्मचारियों को भेजे संदेश में बताया कि कंपनी कुछ चुनिंदा संगठनों और टीमों के पात्र कर्मचारियों के लिए “वॉलंटरी एग्जिट ऑफर” लेकर आई है.

यह कार्यक्रम कनाडा, भारत, यूनाइटेड किंगडम और अमेरिका में लेवल 70 या उससे नीचे के पात्र कर्मचारियों के लिए उपलब्ध कराया गया है. हालांकि यह सभी विभागों पर लागू नहीं होगा. किन टीमों को शामिल करना है, इसका फैसला संबंधित बिजनेस यूनिट की जरूरतों, ग्राहक प्रतिबद्धताओं और कार्यबल आवश्यकताओं के आधार पर किया जाएगा.
क्यों लाई गई है यह योजना?
माइक्रोसॉफ्ट के अनुसार इस कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को अधिक विकल्प देना और संगठन को बदलती आवश्यकताओं के अनुसार खुद को ढालने में मदद करना है. कंपनी का कहना है कि यह उसी दिशा में अगला कदम है, जिसकी शुरुआत इस साल पहले ‘वॉलेंटरी रिटायरमेंट प्रोग्राम’ से हुई थी. एमी कोलमैन ने कहा कि हर टीम और हर कर्मचारी की जरूरत अलग होती है, इसलिए कंपनी एक जैसी नीति लागू करने के बजाय अलग-अलग विकल्पों पर काम कर रही है.
AI पर भारी निवेश बना बड़ी वजह
यह फैसला ऐसे समय आया है जब माइक्रोसॉफ्ट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर जमकर इंवेस्ट कर रही है. दुनिया भर में AI को पावर देने वाले डेटा सेंटरों, मेमोरी चिप्स, कंप्यूटर प्रोसेसर और ऊर्जा लागत में भारी वृद्धि देखी जा रही है. उद्योग जगत के अनुमान के अनुसार इस वर्ष AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर होने वाला निवेश 700 अरब डॉलर से अधिक तक पहुंच सकता है. माइक्रोसॉफ्ट पिछले कई वर्षों से AI क्षमताओं का लगातार विस्तार कर रही है. कंपनी ने विंडोज आधारित Copilot AI सिस्टम, AI पीसी और बाद में ‘Mico’ नामक AI कैरेक्टर जैसे नए उत्पाद भी पेश किए हैं.
कितने कर्मचारी हो सकते हैं प्रभावित?
रिपोर्ट के अनुसार माइक्रोसॉफ्ट के पास जून के अंत तक दुनिया भर में लगभग 2.23 लाख पूर्णकालिक कर्मचारी थे. कंपनी करीब 60 हजार कर्मचारियों, यानी कुल वैश्विक कार्यबल के लगभग 27 प्रतिशत हिस्से को स्वैच्छिक बायआउट का विकल्प दे रही है. इससे पहले मई में कंपनी ने अमेरिका में करीब 8,750 कर्मचारियों के लिए बायआउट योजना पर विचार किया था. वहीं जुलाई में माइक्रोसॉफ्ट ने वैश्विक स्तर पर लगभग 4,800 नौकरियों में कटौती की घोषणा की थी, जिसमें Xbox डिविजन के कर्मचारी भी शामिल थे.
कर्मचारियों को क्या मिलेगा?
वॉलेंटरी एग्जिट ऑफर के तहत पात्र कर्मचारियों को कंपनी छोड़ने पर वित्तीय पैकेज, ट्रांजिशन सपोर्ट और करियर प्लानिंग सहायता दी जाएगी. पात्र कर्मचारियों को उनकी व्यक्तिगत ऑफर डिटेल्स ईमेल के माध्यम से भेजी जा रही हैं. कार्यक्रम सीमित अवधि के लिए लागू रहेगा और इसमें शामिल होना पूरी तरह कर्मचारी की इच्छा पर निर्भर होगा
अब आगे क्या?
माइक्रोसॉफ्ट ने साफ किया है कि यह कार्यक्रम कंपनी के लिए नया है और इसके परिणामों से सीखते हुए भविष्य की रणनीति तय की जाएगी. कंपनी का कहना है कि वह कर्मचारियों को नई स्किल सीखने, अहम प्रोजेक्ट्स पर ध्यान केंद्रित करने और जहां तक संभव होगा माइक्रोसॉफ्ट के अंदर ही नए अवसर खोजने में मदद करती रहेगी.