
डिस्कवरी चैनल पर ‘मैन वर्सेज वाइल्ड’ देखने वाले शो के होस्ट बेयर ग्रिल्स को जरूर जानते होंगे. इस पॉपुलर शो और बेयर ग्रिल्स के इस ख़ास कार्यक्रम में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी दिखाई दिए थे. पीएम मोदी इस दौरान एक नए अवतार में दिखे थे. हाल ही में बेयर ग्रिल्स ने उस दिन को याद करते हुए एक तस्वीर शेयर की है जो लोगों को काफी पसंद आ रही है.
‘मैन वर्सेज वाइल्ड’के होस्ट बेयर ग्रिल्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक फोटो शेयर की है. बेयर ने उस फोटो के कैप्शन में लिखा, “मेरी पसंदीदा तस्वीरों में से एक: डिस्कवरी पर हमारे जंगल एडवेंचर के बाद भीगे हुए बैठकर प्रधानमंत्री मोदी के साथ चाय पीना. ये पल मुझे याद दिलाता है कि अपने मास्क और ओहदों के पीछे हम सब एक जैसे हैं.”

बियर गिल्स का यह ट्वीट ऐसे वक्त में आया है जब दुनिया भर में किसान आंदोलन को लेकर समर्थन और विरोध की चर्चा हो रही है. इंटरनेशनल सेलिब्रेटी रिहाना के ट्वीट के बाद देश के कई दिग्गजों ने भी इस पर ट्वीट किया है. ऐसे में बियर ग्रिल्स के ट्वीट के अलग अलग मायने निकाले जा रहे हैं. हालांकि मैन वर्सेज वाइल्ड के होस्ट ने किसान आंदोलन से संबंधित कोई भी टिप्पणी नहीं की है.
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बेयर ग्रिल के साथ डिस्कवरी चैनल पर प्रसारित होने वाले मैन वर्सेज वाइल्ड के एक स्पेशल एपिसोड में नजर आए थे. अपने समय में यह ट्रेडिंग टेलीविजन इवेंट बना था.