
नींद में इंसानों के चलने की बात तो हर किसी ने सुनी होती है, लेकिन नींद में कुछ निगल जाना सुनने में थोड़ा अजीब लगता है. ऐसा एक शख्स के साथ वास्तव में हुआ है. अमेरिका के मसाचुसेट्स से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां पर मंगलवार को एक आदमी नींद में एयरपॉड निगल गया। 38 साल के इस शख्स का नाम ब्रैड गौथियर है। बता दें, जब गौथियर नींद से जागा तब उसे सीने में असहजता और बेचैनी महसूस हुई। ऐसे में वह डॉक्टर के पास गया, जिसके बाद इस बात का खुलासा हुआ कि नींद में उसने एयरपॉड को निगल लिया था। सीने में एयरपॉड के अटके होने की बात जानकर वह पूरी तरह से चौंक गया।
फूड पाइप में अटका हुआ था एयरपॉड:-ब्रैड गौथियर जब सोकर उठा तब उसने सीने में दर्द की शिकायत की, जिसके बाद वह अस्पताल पहुंचा। यहां जब डॉक्टरों ने उसका एक्स-रे किया तब जाकर पता चला कि एक एयरपॉड गौथियर के फूड पाइप यानी आहार नली में अटका हुआ है, जिस वजह से उसे सीने में दर्द हो रहा है। ऐसे में डॉक्टर्स ने एंडोस्कोपी के जरिये आहार नली से एयरपॉड को सफलापूर्वक निकाल लिया।
सच निकला घर वालों का मजाक:-ब्रैड का कहना है कि, सुबह उठने के बाद उसने पानी पीने की कोशिश की, लेकिन ऐसा करने में उसे परेशानी हुई। इस बात को नजरअंदाज करते हुए उसने अपनी आगे की दिनचर्या जारी रखी। इस बीच वह अपना खोया हुआ एयरपॉड भी ढूंढ रहा था लेकिन जब वह नहीं मिला तो उसने घर वालों से इसके बारे में पूछा। ऐसे में घर वालों ने मजाक में कहा, ‘तुम्हारे सीने में दर्द है, हो सकता है तुमने इसे निगल लिया हो।’
एंडोस्कोपी से निकला एयरपॉड:-ब्रैड ने कहा, ‘मैं लकी था क्योंकि एयरपॉड ऐसी जगह पर फंसा हुआ था, जिससे शरीर को नुकसान पहुंच सकता था। हालांकि, ऐसा कुछ हुआ नहीं। आहार नली में एयरपॉड के फंसे होने के चलते सांस लेने में तकलीफ हो सकती थी। मैं सही समय पर हॉस्पिटल पहुंच गया और इसे एंडोस्कोपी की मदद से डॉक्टरों ने निकाल लिया।’ ब्रैड ने बताया कि उसे डॉक्टर्स ने चेतावनी दी थी कि एयरपॉड अपनी जगह से खिसकर पेट या फेफड़े में भी जा सकता था, हालांकि, सर्जरी सफल रही।