उत्तराखंड शो विवाद पर दलेर मेहंदी ने तोड़ी चुप्पी, दिवाली पर भावुक पोस्ट कर फैंस और परिवार को कहा शुक्रिया; भाई मीका सिंह को बताया सबसे बड़ी ताकत

पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी ने लिखा, इस दिवाली के खास मौके पर मैं आप सभी को शुक्रिया कहना चाहता हूं.

दलेर मेहंदी ने उत्तराखंड विवाद पर तोड़ी चुप्पी, परिवार और फैंस के लिए कही ये बात

नई दिल्ली:

पंजाबी गायक दलेर मेहंदी ने उत्तराखंड में मां कुंजापुरी पर्यटन और विकास मेले में अपनी प्रस्तुति को लेकर हुए हालिया विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ दी है. उन्होंने दिवाली के खास अवसर पर सोशल मीडिया के जरिए एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपने फैंस, म्यूजिक इंडस्ट्री और उन सभी लोगों को शुक्रिया कहा, जिन्होंने उनका मुश्किल समय में साथ दिया. अपने पोस्ट में दलेर मेहंदी ने लोगों से मिले प्यार और सपोर्ट के लिए आभार जताया. उन्होंने कहा कि लोगों के रिएक्शन ने उनके दिल को इतना छू लिया कि इसे शब्दों में बयां कर पाना मुश्किल है.

दलेर मेहंदी का दिवाली पोस्ट

पंजाबी सिंगर ने लिखा, “इस दिवाली, मैं खास तौर से आप सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं. पिछले कुछ सालों में मुझे अपने संगीत के जरिए और हर उस मंच पर जहां मैंने परफॉर्मेंस दी है, बहुत प्यार मिला है. लेकिन हाल ही में मैंने जो अनुभव किया है, उसने मुझे इस कदर छू लिया है कि उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है.”

आगे उन्होंने लिखा, “आप जिस तरह मेरे साथ खड़े रहे, जिस तरह आपने मेरे सपोर्ट में बात की. मुझ पर जो भरोसा जताया और जो प्यार दिया. मुझे नहीं लगता कि मैं कभी पूरी तरह से शब्दों में बता पाऊंगा कि मेरे लिए इसका क्या मतलब है. मैंने आपके संदेश पढ़े हैं. आपकी बातें सुनी हैं और आपकी प्रार्थनाओं को महसूस किया है. इन सबके जरिए, मैं बहुत विनम्र और आभारी महसूस कर रहा हूं.”

मीका सिंह और परिवार को बताया बड़ी ताकत

दलेर ने अपनी ताकत का सबसे बड़ा स्रोत परिवार को बताया. उन्होंने लिखा, “इस दौरान मेरा परिवार मेरी सबसे बड़ी ताकत रहा है. मेरे भाई मीका एक मजबूत ढाल बनकर मेरे साथ खड़े रहे. मेरी पत्नी तरन ने अपने साहस और अटूट विश्वास के साथ, गुरदीप ने अपनी शांत समझदारी और धैर्य के साथ, और मेरी बेटियों रबाब, अजीत और प्रभजोत ने अपने निस्वार्थ प्रेम के साथ मेरा साथ दिया. इन सभी ने अपने-अपने तरीके से मेरा साथ निभाया है और मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानता हूं कि ये सब मेरे साथ हैं.”

फैंस को शुक्रिया कहते हुए पंजाबी सिंगर ने लिखा, “पूरे संगीत और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को भारत के हर कोने से संपर्क करने वाले सभी लोगों को और अपने प्रशंसकों को और पूरे देश को प्यार, विश्वास और सम्मान के इस ‘सरोपाओ’ (सम्मान) के लिए धन्यवाद. मैं इसे नतमस्तक होकर और कृतज्ञता से भरे दिल के साथ स्वीकार करता हूं. इस पूरे अनुभव ने मुझे ‘इक ओंकार’ की सच्ची भावना की याद दिला दी कि हम सब एक हैं, जो प्यार और सम्मान के बंधन से जुड़े हैं. मेरा हमेशा से मानना ​​रहा है कि परिवार सिर्फ वे लोग नहीं हैं जिनके यहां हमारा जन्म हुआ है, बल्कि वे लोग भी हैं जो जरूरत के समय हमारे साथ खड़े रहते हैं. आज, मैं इस भावना को पहले से कहीं ज्यादा गहराई से समझ पा रहा हूं.”

फैंस को किया शुक्रिया

आगे उन्होंने लिखा, “अक्सर लोग किसी कलाकार के सफर और उनके प्रभाव के बारे में तब बात करते हैं. जब वे खुद इसे सुनने के लिए मौजूद नहीं होते. मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि मुझे अपने जीवनकाल में ही यह प्यार देखने और महसूस करने का मौका मिला और सबसे बड़ी बात, मैं उन लोगों को धन्यवाद कह पा रहा हूं, जिन्होंने मुझे इतना कुछ दिया है. हो सकता है कि मैंने हर संदेश या हर शब्द का जवाब न दिया हो, लेकिन कृपया जान लें कि मैंने उन्हें देखा है, महसूस किया है, और आपने मेरे प्रति जो स्नेह दिखाया है, उसे मैं कभी नहीं भूलूंगा. इस दिवाली, हर घर में दीये जगमगाएंगे. लेकिन आप सभी के प्यार ने मेरे दिल में जो रोशनी जगाई है, वह मेरे लिए सबसे खास है.”

जो लोग नहीं जानते उन्हें बता दें कि दलेर मेहंदी से जुड़ा विवाद तब शुरू हुआ, जब अक्टूबर में उत्तराखंड में एक शो को विधायक सुबोध उनियाल ने रुकवा दिया था. मंत्री ने पंजाबी सिंगर पर नशे की हालत में परफॉर्म करने का आरोप लगाया और कहा कि वे लाइव नहीं गा रहे थे, बल्कि सिर्फ लिप-सिंक कर रहे थे. इस विवाद के बाद मीका सिंह ने भाई के सपोर्ट में सुबोध उनियाल को खरी खोटी सुनाई. इसके बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी ने दलेर मेहंदी से बात की

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *