Nvidia CEO जेनसन हुआंग पर दोहरा संकट: चीनी कारोबारी महिला एलिस हुआंग से करीबी रिश्तों पर विवाद, जासूसी के आरोपों के बीच कंपनी ने शुरू की जांच; परिवार से मांगी माफी, अमेरिकी कांग्रेस ने भी किया तलब

वॉशिंगटन। दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया (Company Nvidia) के सीईओ जेनसन हुआंग (CEO Jensen Huang) से जुड़ा विवाद लगातार गहराता जा रहा है। एक ओर उन्होंने अपने निजी रिश्ते को लेकर कर्मचारियों के सामने गलती स्वीकार करते हुए परिवार से माफी मांगी है, वहीं दूसरी ओर उनके साथ करीबी संबंध रखने वाली चीनी कारोबारी महिला एलिस हुआंग पर चीन के लिए जासूसी करने के आरोपों ने मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़ दिया है। विवाद के बीच एनवीडिया के निदेशक मंडल ने स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है।

63 वर्षीय जेनसन हुआंग ने कर्मचारियों को भेजे संदेश में कहा कि उनके किए का कोई बहाना नहीं है और उन्हें इस पर गहरा अफसोस है। उन्होंने माना कि उनके व्यवहार से पत्नी और बच्चों को चोट पहुंची है। साथ ही उन्होंने कंपनी के कर्मचारियों, निदेशक मंडल और शेयरधारकों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने में नाकाम रहने की बात भी स्वीकार की।

हुआंग ने कहा कि उनकी जिम्मेदारी कर्मचारियों की सेवा करना और उनके भरोसे पर खरा उतरना है, लेकिन वह इस जिम्मेदारी में पीछे रह गए। उन्होंने एनवीडिया के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वह अपने काम की पूरी जिम्मेदारी लेंगे और दोबारा भरोसा हासिल करने का प्रयास करेंगे

एनवीडिया ने शुरू की स्वतंत्र जांच

हुआंग के संदेश के साथ ही एनवीडिया के सामने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवाल भी महत्वपूर्ण हो गए हैं। कंपनी के निदेशक मंडल ने एक विदेशी खुफिया अभियान से संबंधित आरोपों की रिपोर्ट सामने आने के बाद स्वतंत्र जांच शुरू करने की पुष्टि की है।

इस जांच की निगरानी स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति करेगी। इसमें बाहरी कानूनी सलाहकार भी सहयोग करेंगे। जेनसन हुआंग ने जांच का समर्थन किया है और इसमें पूरा सहयोग देने की बात कही है।

एनवीडिया ने स्पष्ट किया है कि निदेशक मंडल के पास फिलहाल ऐसा मानने का कोई आधार नहीं है कि राष्ट्रीय सुरक्षा या कंपनी के गोपनीय डेटा से समझौता हुआ है। हालांकि, जांच के दौरान उपलब्ध सभी जानकारियों और आरोपों की पड़ताल की जाएगी। कंपनी के मुताबिक, अमेरिका की राष्ट्रीय और आर्थिक सुरक्षा की रक्षा उसकी प्राथमिकता है।

एलिस हुआंग पर क्या हैं आरोप?

यह विवाद पिछले महीने न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के बाद चर्चा में आया। रिपोर्ट में दावा किया गया था कि अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को संदेह था कि चीनी कारोबारी महिला एलिस हुआंग, जिनके जेनसन हुआंग के साथ करीबी संबंध बताए गए हैं, बीजिंग के लिए खुफिया एजेंट के रूप में काम कर रही थीं।

एलिस हुआंग का जेनसन हुआंग से कोई पारिवारिक संबंध नहीं है। वह पहले सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड से जुड़ी रही हैं। अमेरिकी अधिकारियों ने इस कंपनी की भी जांच की है। संदेह जताया गया था कि मेगास्पीड ने चीन को उन उन्नत एआई चिप्स तक पहुंच बनाने में मदद की, जिनके निर्यात पर अमेरिका ने प्रतिबंध लगा रखे हैं।

मेगास्पीड एनवीडिया की एआई चिप्स खरीदती है। ऐसे में चीन को उन्नत सेमीकंडक्टर तकनीक की उपलब्धता सीमित करने की अमेरिकी कोशिशों के बीच यह कंपनी भी जांच के दायरे में आई। अक्टूबर के आखिर में न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को पिछले साल ऐसी खुफिया जानकारी दी गई थी, जिसमें एलिस हुआंग पर चीन के लिए जासूसी करने का संदेह जताया गया था

अमेरिकी सांसदों ने कांग्रेस में जवाब देने को कहा

इस मामले पर अमेरिकी सांसदों का ध्यान भी गया है। हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के वरिष्ठ रिपब्लिकन सदस्यों ने जेनसन हुआंग से इसी महीने कांग्रेस के सामने पेश होकर जानकारी देने को कहा है।

4 नवंबर को भेजे गए पत्र में सांसदों ने कहा कि कांग्रेस को यह पता लगाने की जरूरत है कि क्या इस पूरे मामले से अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा पहुंचा है और क्या चीन को संवेदनशील अमेरिकी तकनीक या जानकारी तक पहुंच मिली है।

एनवीडिया पहले कह चुकी है कि उसके सीईओ हर साल हजारों ग्राहक अधिकारियों से बातचीत करते हैं। कंपनी का कहना है कि एशिया में उसके क्लाउड ग्राहकों को केवल सामान्य कारोबारी जानकारी दी जाती है, न कि संवेदनशील व्यावसायिक विवरण या अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जानकारी।

गौरतलब है कि अमेरिका ने 2022 से निर्यात नियंत्रण के ऐसे नियम लागू किए हैं, जिनका उद्देश्य चीन की उन्नत एनवीडिया चिप्स और उन्हें बनाने के लिए जरूरी उपकरणों तक पहुंच सीमित करना है।

ट्रंप ने किया एनवीडिया CEO का बचाव

विवाद के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जेनसन हुआंग का समर्थन किया है। ट्रंप ने कहा कि जांच से जुड़ी खबर सामने आने के बाद से उनकी हुआंग से बातचीत नहीं हुई है। पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने हुआंग को अच्छा और सम्मानित व्यक्ति बताया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि पर्दे के पीछे क्या चल रहा है, इसकी जानकारी किसी को नहीं है।

ट्रंप ने एनवीडिया प्रमुख की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अमेरिका के लिए शानदार काम किया है। जब उनसे पूछा गया कि क्या पिछले साल मिली खुफिया जानकारी पर कार्रवाई नहीं करने का उन्हें अफसोस है, तो उन्होंने जवाब दिया, “नहीं, मुझे ऐसा नहीं लगता।”

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने रविवार शाम पत्रकारों के सवालों पर हुआंग से जुड़े मामले में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। वहीं, चीन पहले ही एनवीडिया सीईओ को निशाना बनाने वाले जासूसी अभियान के आरोपों को खारिज कर चुका है।

एनवीडिया निवेशकों की भी बढ़ी चिंता

यह जांच ऐसे समय शुरू हुई है, जब दुनियाभर में एआई तकनीक के तेजी से विस्तार में एनवीडिया की अहम भूमिका है। कंपनी के चिप्स का इस्तेमाल बड़ी टेक कंपनियां और एआई मॉडल विकसित करने वाले संस्थान करते हैं। इनमें ओपनएआई और मेटा जैसी कंपनियां भी शामिल हैं।

जेनसन हुआंग ने 1993 में एनवीडिया की सह-स्थापना की थी और तीन दशक से अधिक समय से कंपनी का नेतृत्व कर रहे हैं। शुरुआत में कंपनी मुख्य रूप से गेमिंग के लिए ग्राफिक्स प्रोसेसिंग तकनीक विकसित करती थी। बाद में हुआंग ने इसका कारोबार एआई कंप्यूटिंग की दिशा में बढ़ाया। इसी बदलाव ने एनवीडिया को दुनिया की प्रमुख सेमीकंडक्टर कंपनियों में शामिल कर दिया।

अब कंपनी के प्रमुख से जुड़े निजी रिश्तों और कथित विदेशी खुफिया अभियान के आरोपों की जांच ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, कंपनी ने फिलहाल राष्ट्रीय सुरक्षा या गोपनीय डेटा से समझौता होने की बात से इनकार किया है और जांच के निष्कर्षों का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *