लाड़ली बहनों को अब 1500 से 3000 की यात्रा शुरू होने का इंतजार है … कौशल किशोर चतुर्वेदी

लाड़ली बहनों को अब 1500 से 3000 की यात्रा शुरू होने का इंतजार है …
विधानसभा में मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव ने 23 फरवरी 2026 को साफ किया था कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के लिए राशि बढ़ाकर तीन हजार रुपये का वादा भाजपा के संकल्प पत्र में किया गया है। यह पांच साल यानी 2028 तक के लिए है। हम किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है, हम लाड़ली बहना योजना के तहत लाड़ली बहनों को तीन हजार रुपये प्रति माह देकर रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसे चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर 3,000 रुपये तक ले जाने की बात कही है, जो वर्ष 2028 तक की समयावधि के लिए निर्धारित है। 13 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पिछोर से लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश की 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार 550 पात्र लाड़ली बहनों को 42वीं किश्त के रूप में 1831 करोड़ रूपए से अधिक की सम्मान राशि (प्रत्येक को 1500-1500 रूपए) सिंगल क्लिक से पात्र बहनों के बैंक खातों में अंतरित कर भाईदूज का उपहार दिया। और अब 2028 से पहले यह राशि 3000 रुपये प्रतिमाह करने के लिए अधिकतम दो वर्ष का समय ही बाकी है। अगर प्रति तीन माह में सरकार लाड़ली बहनों की राशि में 250 रुपये की बढ़ोतरी करती है तब भी 18 माह का समय लग जाएगा। ऐसे में लगता है कि वर्ष 2027 की पहली तिमाही से सरकार द्वारा लाडली बहनों को 250 रुपये प्रतिमाह बढ़ोतरी करने की शुरूआत हो जाएगी। और लाड़ली बहनों को भी अब सरकार से यही उम्मीद है कि उनकी राशि बढ़ाने की शुरुआत जल्दी हो।
पिछोर में लाड़ली बहनों को भाई दूज का उपहार देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश की सभी बहनों को आत्मनिर्भर, आर्थिक रूप से समृद्ध बनाकर इनके जीवन में खुशहाली लाने के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बहनें हमारा मान है, सम्मान है। बहनों से ही हर घर में रौनक है। इनके स्वाभिमान की रक्षा कर हम इन्हें स्वावलंबी बना रहे हैं। बहनों के स्वावलंबी बनने से ही प्रदेश में समृद्धि आएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति में हमारे देश को भी माता का दर्जा मिला है। दुनिया में भारतवासी ही हैं, जो अपने देश को माता के रूप में पूजते हैं। शिवपुरी जिले के पिछोर में आयोजित राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ प्रदेश की बहनों के सामाजिक सम्मान, वित्तीय स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी पहल है, जिसे राज्य सरकार निरंतर और अधिक सशक्त बना रही है। जून 2023 में शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत शुरुआत में महिलाओं को 1,000 रुपए प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाती थी, जिसे चरणबद्ध तरीके से बढ़ाते हुए अक्टूबर 2023 में 1,250 रुपए और नवंबर 2025 से बढ़ाकर 1,500 रुपए प्रतिमाह कर दिया गया है। वर्तमान में यह निर्धारित सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे पात्र महिलाओं के आधार-सक्रिय बैंक खातों में पारदर्शी रूप से अंतरित की जा रही है, जिससे नारी शक्ति को नया संबल मिल रहा है। उन्होंने बताया कि लाड़ली बहना योजना में हमारी सरकार योजना आरंभ (जून 2023) से नवम्बर 2026 तक लाड़ली बहनों को 69 हजार करोड़ रूपए से अधिक सम्मान राशि दे चुकी है। कई बहनों ने इस राशि से सिलाई केंद्र सहित अनेक प्रकार से अच्छा उपयोग किया है। उन्होंने कहा कि रोजगारपरक उद्योग लगाने पर हम उद्योगपतियों को प्रोत्साहन दे रहे हैं। साथ ही ऐसे उद्योगों में महिलाओं को रोजगार देने पर हम नियोक्ता को 5 हजार रूपए महीना (रोजगाररत प्रत्येक बहन के लिए) अलग से दे रहे हैं। प्रदेश की आधी आबादी को पूरा हक दिलाने के लिये दृढ़ संकल्पित मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में भारत पूरी दुनिया में अपनी अलग धाक जमाने के साथ ही अपनी साख बना रहा है। सरकार भी प्रदेश की आधी आबादी को पूरा हक दिलाने के दृढ़ संकल्पित है। लाड़ली लक्ष्मी योजना और लाड़ली बहना योजना इसी संकल्प की दिशा में हमारा प्रयास है।
देखा जाए तो लाड़ली बहना योजना में 2023 विधानसभा चुनाव के
पहले पाँच महीने में योजना की एक हजार रुपये प्रतिमाह, शुरुआत से 1250 रुपए प्रतिमाह होने तक की यात्रा पूरी हो चुकी थी। इसके बाद लाड़ली बहनों के हिस्से में 250 रुपये की बढ़ोतरी होने में पूरे दो साल एक माह लगे थे। और अब विधानसभा चुनाव 2028 होने में दो साल का ही समय शेष है। और जैसा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधानसभा में विपक्ष द्वारा लाड़ली बहना के नाम पर सरकार को आईना दिखाने के प्रयास को विफल करते हुए यह वादा किया था कि संकल्प पत्र के मुताबिक 2028 तक लाडली बहनों को 3000 रुपए प्रतिमाह की राशि मिलने लगेगी। ऐसे में अब लाड़ली बहनों को भी इंतजार है कि अब प्रतिमाह मिलने वाली उनकी राशि की यात्रा पंद्रह सौ से तीन हजार रुपए प्रतिमाह, की तरफ बढ़नी शुरू होनी चाहिए। और यह तय है कि यह राशि चरणबद्ध तरीके से ही आगे बढ़ेगी। ऐसे में
हो सकता है कि सरकार 2027 में नए साल का तोहफा भी लाड़ली बहनों को 250 रूपए की बढ़ोतरी के साथ देने की योजना बना चुकी हो… देखना यही है कि लाडली बहनों के इस इंतज़ार को पूरा करने के लिए सरकार पहला कदम कब आगे बढ़ाने वाली है।

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *