स्वामी इंद्रदेव पर यौन शोषण के आरोप: पीड़िता बोली- बेटियों को सेवा के लिए भेजने को कहता था, केस वापस लेने 15 लाख का ऑफर; 5 करोड़ भी मिले तो पीछे नहीं हटूंगी, कई लड़कियों के पास फोटो-वीडियो होने का दावा, महामंडलेश्वर की पदवी छिनी।

यह आरोप मुंबई की रहने वाली उस महिला का है, जिसने वृंदावन के चर्चित कथावाचक स्वामी इंद्रदेव महाराज के खिलाफ यौन शोषण की FIR दर्ज कराई है। महिला का दावा है कि केस वापस लेने के लिए उसे धमकियां मिल रही हैं।पहले मुंह बंद रखने के लिए 15 लाख रुपए की पेशकश भी की गई थी। महिला ने भास्कर से बातचीत में कहा

, “वह 5 करोड़ भी दे देगा तो मैं नहीं मानूंगी। उसे जेल पहुंचाकर ही मानूंगी।”स्वामी इंद्रदेव के खिलाफ दर्ज केस अब मुंबई से वृंदावन ट्रांसफर हो गया है। वृंदावन पुलिस जल्द ही पीड़ित महिला के बयान दर्ज करेगी।

आरोप सामने आने के बाद पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी ने इंद्रदेव से महामंडलेश्वर की पदवी वापस ले ली है। इधर, इंद्रदेव के समर्थकों का कहना है कि स्वामी के खिलाफ साजिश की जा रही है।

महिला का दावा-मैं अकेली पीड़ित नहीं, 3-4 लड़कियां संपर्क में

पीड़ित महिला का दावा है कि इंद्रदेव के खिलाफ पुलिस कार्रवाई आगे बढ़ने पर और महिलाएं भी सामने आ सकती हैं। उसने कहा कि वह 9 महीने से मानसिक रूप से परेशान है, लेकिन अब हिम्मत जुटाकर सामने आई है।

महिला ने कहा, “मैं अकेली पीड़ित नहीं हूं। बहुत सी महिलाएं मेरे संपर्क में हैं। उनके पास ऑडियो-वीडियो और मैसेज हैं, लेकिन बदनामी के डर से सामने नहीं आना चाहतीं। 3-4 लड़कियां मेरे संपर्क में हैं।”

महिला और इंद्रदेव के बीच हुई अश्लील बातचीत का कथित ऑडियो भी सामने आया है। हालांकि, इस ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

स्वामी इंद्रदेव का वृंदावन स्थित आश्रम, जहां महिला के साथ यौन शोषण का आरोप है।

‘शादी का भरोसा दिया, फिर दूरी बनाने लगा’

महिला के मुताबिक, वह 2023 में सोशल मीडिया पर धार्मिक प्रवचन देखकर इंद्रदेव के संपर्क में आई थी। उसका दावा है कि इंद्रदेव ने उसे भरोसा दिलाया था कि वह उसे अपनाएगा।

महिला ने बताया, “मैंने पूछा था कि गुरुजी, आप तो ब्रह्मचारी हैं, संत हैं, फिर शादी कैसे करेंगे? उसने कहा कि मैं तुम्हें पसंद करता हूं, तुमसे प्यार करता हूं और शादी करना चाहता हूं।”

महिला का आरोप है कि बाद में इंद्रदेव ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। उसने कहा कि इंद्रदेव ने उसे आश्रम आने, मिलने, मैसेज करने और फोन करने से मना कर दिया।

न्यूजीलैंड की महिला से मुलाकात के बाद शक गहराया

महिला ने बताया कि बाद में उसकी मुलाकात न्यूजीलैंड से आई एक महिला से हुई। उस महिला ने उसे बताया कि इंद्रदेव ऐसा व्यवहार पहले भी कई महिलाओं के साथ कर चुका है।

महिला के मुताबिक, न्यूजीलैंड की महिला ने उसे यह भी बताया कि इंद्रदेव ब्रह्मचारी नहीं है और उसकी शादी हो चुकी है। उसने यह भी आरोप लगाया कि इंद्रदेव नाड़ी देखने के बहाने महिलाओं को रात में बुलाता था।

वृंदावन के आश्रम में इंद्रदेव इसी आसन पर बैठकर भक्तों की समस्याएं सुनते हैं।

अब जानिए एफआईआर में क्या लिखा है

FIR के मुताबिक, महिला ने बताया कि 7 जून 2024 से 17 जून 2026 के बीच उसका संत इंद्रदेव महाराज से संपर्क रहा। इंद्रदेव की उम्र करीब 56 साल बताई गई है। उनका आश्रम वृंदावन, जिला मथुरा में संत कॉलोनी, परिक्रमा मार्ग, राधाकिशोरी क्षेत्र में बताया गया है।

महिला ने शिकायत में कहा कि उसने अपनी निजी और पारिवारिक परेशानियां इंद्रदेव को बताई थीं। इसके बाद इंद्रदेव ने उसकी मदद करने और जीवन की समस्याएं दूर करने का भरोसा दिया।

महिला के अनुसार, इसी भरोसे के बाद वह प्रवचन और दर्शन के लिए आश्रम जाने लगी। FIR में आरोप है कि इसी दौरान इंद्रदेव ने उससे नजदीकियां बढ़ाईं।

रात 10:30 बजे कमरे में बुलाने का आरोप

महिला ने FIR में बताया कि वह वृंदावन आश्रम में 6 दिन तक एक कमरे में रुकी थी। इस दौरान उसकी इंद्रदेव से फोन पर बातचीत होती रही।

महिला का आरोप है कि एक दिन सुबह करीब 11:30 बजे इंद्रदेव ने फोन पर उससे अश्लील बातें कीं। उसी दिन रात करीब 10:30 बजे उसे दवाई लेने के बहाने अपने कमरे में बुलाया।

FIR के मुताबिक, इंद्रदेव ने महिला से कहा कि अगर कोई पूछे तो कहना कि दादी के कमरे में दवाई लेने जा रही हूं। उन्होंने यह भी बताया कि वहां CCTV कैमरे लगे हैं।

महिला का आरोप है कि कमरे में पहुंचने के बाद इंद्रदेव ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। करीब 15-20 मिनट बाद वह अपने कमरे में लौट आई। इसके बाद इंद्रदेव ने फोन कर पूछा कि उसे किसी ने देखा तो नहीं।

स्वामी इंद्रदेव के कई नेताओं से निजी संबंध बताए जाते हैं।

वीडियो कॉल पर कपड़े उतारने को कहा

FIR में 29 नवंबर 2025 की घटना का भी जिक्र है। महिला के मुताबिक, उस दिन दोपहर करीब 2:29 बजे इंद्रदेव ने उसे वीडियो कॉल किया।

महिला का आरोप है कि वीडियो कॉल के दौरान इंद्रदेव ने उसे कपड़े उतारने के लिए कहा। उसने खुद भी कपड़े उतारे और अश्लील बातें कीं।

शिकायत में 21 जनवरी 2026 की एक और वीडियो कॉल का जिक्र है। महिला का दावा है कि इस कॉल में इंद्रदेव ने पहले उसके घर की संपत्ति के बारे में पूछा, फिर उसकी छोटी बेटी को अपनी बेटी की तरह संभालने और उससे मिलने आने की बात कही।

जलगांव आश्रम में बुलाने का भी आरोप

महिला ने FIR में बताया कि 26 जनवरी 2026 को इंद्रदेव ने उसे जलगांव के सावखेड़ा हॉल स्थित आश्रम में आने के लिए कहा। वह 28 जनवरी को वहां पहुंची।

महिला के मुताबिक, आश्रम में गर्मी होने के कारण उसने 2-3 किलोमीटर दूर एक कमरा बुक किया। इसी दौरान उसकी मुलाकात न्यूजीलैंड की महिला से हुई। उस महिला ने उसका नंबर लिया और अप्रैल में बात करने को कहा।

महिला के मुताबिक, 7 अप्रैल 2026 को न्यूजीलैंड की महिला ने वॉट्सऐप कॉल कर उसे इंद्रदेव से जुड़ी कई बातें बताईं।

इंद्रदेव ने अपना रसूख दिखाने के लिए आश्रम के बाहर जाने माने लोगों के साथ तस्वीरें लगाई हैं।

‘बेटी और रिश्तेदारों को पता चलने के डर से चुप रही’

महिला ने शिकायत में कहा कि वह पूरे घटनाक्रम से घबरा गई थी। उसे डर था कि इंद्रदेव के साथ हुई घटनाओं के बारे में उसकी बेटी और रिश्तेदारों को पता चल जाएगा। इसी वजह से वह चुप रही।

महिला के अनुसार, 17 जून 2026 को इंद्रदेव ने फिर फोन किया और कहा कि हर जगह उसकी बदनामी हो रही है। उसने महिला को धमकी दी कि वह उसे नहीं छोड़ेगा।इसके बाद महिला ने पुलिस थाने में शिकायत आवेदन दिया। 5 नवंबर को मुंबई में स्वामी इंद्रदेव के खिलाफ FIR दर्ज हुई। अब केस वृंदावन ट्रांसफर किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *