भारत की तारीफ या कर्ज और महंगाई से परेशान ट्रंप… कौशल किशोर चतुर्वेदी

भारत की तारीफ या कर्ज और महंगाई से परेशान ट्रंप…

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा भारत की 7 फीसदी जीडीपी ग्रोथ की तारीफ के बाद भारतीय राजनीति में गरमाहट आ गई है। भाजपा ने इस पर राहुल गांधी और कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि विपक्ष देश की उपलब्धियों को नजरअंदाज कर रहा है। लेकिन वास्तव में ट्रंप द्वारा भारत की तारीफ के जरिए अमेरिका के केंद्रीय बैंक ‘फेडरल रिजर्व’ पर ब्याज दरें ऊंची रखने को लेकर हमला बोला है। और हमला बोलने के पीछे मुख्य वजह यही है कि यदि फेडरल रिजर्व ब्याज दर कम रखता है, तो अमेरिका की कर्ज चुकाने की क्षमता बढ़ जाएगी। साथ ही, जीडीपी के आंकड़े भी बेहतर हो पाएंगे।
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने भारत का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, ‘अगर आप भारत को देखें, तो वहां ब्याज दरें कम हैं और जीडीपी 7 फीसदी है। हमारी GDP 14, 15 या शायद 20 फीसदी तक हो सकती है। ब्याज दरें बहुत ज्यादा हैं क्योंकि हमारे पास एक बेहद राजनीतिक फेड है। वैसे मैं चेयरमैन को दोष नहीं दे रहा हूं, बल्कि इस बात को जिम्मेदार मान रहा हूं कि हमारा फेड बहुत राजनीतिक है। हमारी जीडीपी 4 फीसदी नहीं, बल्कि 15 या 20 फीसदी होगी और मैं बहुत तेजी से कर्ज चुका दूंगा।’
भाजपा ने इस मुद्दे पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। भाजपा का कहना है कि जहां पूरी दुनिया भारत की तरक्की को मान रही है, वहीं विपक्ष देश की उपलब्धियों से आंखें मूंदे बैठा है। जिस तरह से ट्रंप अपने फेडरल रिजर्व को राजनीतिक कहकर राजनीति कर रहे हैं, ठीक उसी तरह उनके बयान पर भारत में राजनीति हो रही है। वास्तव में देखा जाए तो ट्रंप के
असल उद्देश्य पर भारत को भी गहन विश्लेषण और आत्मावलोकन करने की जरूरत है।
ट्रंप का रोना यह है कि यह वाकई दुख की बात है कि जब आप इतना अच्छा करते हैं, तो फेडरल रिजर्व ब्याज दरें बढ़ा देते हैं। लेकिन शायद अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीति की वजह से ही अमेरिका दुनिया में श्रेष्ठतम अर्थव्यवस्थाओं में शुमार है। और ट्रंप को यह भी मालूम है कि उनकी आलोचना का अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतियों पर कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। वास्तव में, यह अमेरिकी व्यवस्थाओं का उजला पक्ष ही है कि ट्रंप जैसा अमेरिकी तानाशाह राष्ट्रपति भी फेडरल रिजर्व की नीतियों को सीधे सीधे प्रभावित नहीं कर सकता है।
वास्तव में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ही देश के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व पर निशाना साधने के लिए भारतीय अर्थव्यवस्था की तारीफ का सहारा लिया है। ट्रंप ने भारत की कम ब्याज दरों और 7 फीसदी की आर्थिक विकास दर का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका भी इसी तरह की नीति अपनाए तो उसकी जीडीपी ग्रोथ 14, 15 या यहां तक कि 20 फीसदी तक पहुंच सकती है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि दुनिया की अर्थव्यवस्था में अमेरिका की अहम भूमिका है। उनके मुताबिक, अमेरिका दूसरे देशों की अर्थव्यवस्थाओं को सफल बनाने में मदद करता है। उन्होंने कहा कि कुछ देश खुद को आर्थिक रूप से बहुत ताकतवर मानते हैं, लेकिन उनकी सफलता में अमेरिका का बड़ा योगदान है। इसलिए अमेरिका में ब्याज दरें दुनिया के दूसरे देशों के मुकाबले सबसे कम होनी चाहिए। ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब अमेरिका में महंगाई दर फेडरल रिजर्व के 2 फीसदी के तय लक्ष्य से ऊपर बनी हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में पर्सनल कंजम्पशन एक्सपेंडिचर (पीसीई) महंगाई दर 3.6 फीसदी रही। वहीं, खाने-पीने की चीजों और ऊर्जा की कीमतों को हटाकर देखी जाने वाली कोर पीसीई महंगाई दर 3.1 फीसदी दर्ज की गई। फेडरल रिजर्व महंगाई को नियंत्रित रखने के लिए ब्याज दरों का इस्तेमाल करता है। ट्रंप लगातार उसकी नीतियों की आलोचना करते रहे हैं।
तो अमेरिका द्वारा भारत की अर्थव्यवस्था की तारीफ करने पर भारत को खुश होने की कोई वजह नहीं है। ट्रंप की तानाशाही और वैश्विक युद्धों का परिणाम ही है कि अमेरिका बुरी अर्थव्यवस्था के दौर से गुजरने को मजबूर है। वहीं कर्ज और महंगाई से जूझ रहा है। ट्रंप भारत की तारीफ की जगह महंगाई और कर्ज से परेशानी का रोना रो रहे हैं। अच्छा यही है कि भारत को ट्रंप के बयानों के आधार पर अपना आकलन करने की भूल नहीं करनी चाहिए…।

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *