ग्वालियर की कॉलोनियों और गलियों में इन दिनों ऐसे फेरीवाले घूम रहे हैं, जो झड़े हुए बाल खरीदने के साथ पुराने, बंद और टूटे मोबाइल फोन भी ले रहे हैं। साउंड सिस्टम पर 100 से 500 रुपए तक देने का लालच देकर वे लोगों के बेकार पड़े फोन जुटा रहे हैं, लेकिन यही छोटी सी लापरवाही आपकी निजी तस्वीरों, बैंकिंग जानकारी और डिजिटल पहचान को बड़े खतरे में डाल सकती है।
गलियों में झड़े बालों के साथ मोबाइल खरीदने के लिए फेरीवाले घूमते हैं।
मुरार के तिकोनिया इलाके में 13 अगस्त को एक महिला ने घर आए फेरीवाले को बालों का गुच्छा बेचा। उसी दौरान फेरीवाले की पेशकश पर उसने स्क्रीन टूटा पुराना फोन 300 रुपए में दे दिया। इसके महज 9 दिन बाद महिला के ऑनलाइन खाते से 35 हजार रुपए निकल गए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई निजी फोटो

ऐसा ही एक मामला मार्च 2026 में सामने आया था, जब एक महिला ने अपना पुराना मोबाइल कबाड़ में बेचा। करीब 30 दिन बाद उसकी आपत्तिजनक तस्वीर सोशल मीडिया पर आ गई। जांच में सामने आया कि फोन में उसकी सोशल मीडिया आईडी लॉग-इन थी और गैलरी में निजी फोटो-वीडियो मौजूद थे। महिला ने साइबर विंग में शिकायत की और अपना अकाउंट बंद कराया, लेकिन फेरीवाले का सुराग नहीं मिल सका।

बंद या टूटे फोन से भी रिकवर हो सकता है डेटा
साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, स्क्रीन टूटने या फोन बंद होने से डेटा अपने आप नष्ट नहीं होता। तकनीक के जरिए फोटो, वीडियो, कॉन्टैक्ट्स और सेव किए गए दस्तावेज (जैसे पहचान पत्र या बैंकिंग डिटेल्स) आसानी से निकाले जा सकते हैं। इसके अलावा, फोन के IMEI नंबर या सिम से जुड़े रिकॉर्ड संदिग्ध गतिविधि में इस्तेमाल होने पर जांच की आंच पुराने मालिक तक भी पहुंच सकती है।

पुलिस की सलाह: बिना जांच-पड़ताल न बेचें डिवाइस
डीएसपी क्राइम नागेंद्र सिंह का कहना है कि पुराने मोबाइल, लैपटॉप या अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान अनजान लोगों को नहीं बेचना चाहिए। इनमें मौजूद डेटा का गलत इस्तेमाल हो सकता है। इसलिए डिवाइस बेचने से पहले डेटा पूरी तरह हटाएं और खरीदार की पहचान सुनिश्चित करें।