कोर्ट ने कलेक्टर के उस आदेश पर रोक लगा दी है, जिसमें उनका निर्वाचन शून्य किया गया था। अदालत ने टिप्पणी की कि कलेक्टर के आदेश में ही पार्षद के खिलाफ लगाए गए आरोप साबित नहीं हुए हैं।दरअसल, इस मामले की शुरुआत पिछले साल हुई थी। वार्ड-10 के पार्षद अर्जुन सिंह ने नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश वर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की 10 से ज्यादा शिकायतें की थीं। इसके बाद परिषद में उनकी सदस्यता खत्म करने का प्रस्ताव पारित हुआ। आरोप है कि इसमें अध्यक्ष समर्थक पार्षदों की भूमिका थी।
की तो फिटकरी की खरीद, सड़क निर्माण और निजी कॉलोनियों में सरकारी बजट के इस्तेमाल से जुड़ी अनियमितताओं के आरोप सामने आए। हालांकि, नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश वर्मा ने इन आरोपों को खारिज किया है।

हाईकोर्ट की टिप्पणी: ‘कलेक्टर के आदेश में ही आरोप साबित नहीं’
कलेक्टर के फैसले के खिलाफ पार्षद अर्जुन सिंह राजपूत ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। जस्टिस विशाल मिश्रा की एकलपीठ ने 17 नवंबर को पार्षद अर्जुन सिंह राजपूत की याचिका पर सुनवाई की।विरोधी पक्ष के वकील ने तर्क दिया कि 15 में से 11 पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके आधार पर मध्य प्रदेश नगरपालिका अधिनियम, 1961 की धारा 41(1)(ख) के तहत यह कार्रवाई की गई।
हालांकि, हाईकोर्ट ने पाया कि अविश्वास प्रस्ताव का संकल्प जिन तीन आरोपों पर आधारित था, वे कलेक्टर के विवादित आदेश में सिद्ध ही नहीं पाए गए। कोर्ट ने अगली सुनवाई तक कलेक्टर के आदेश पर रोक लगाते हुए सभी प्रतिवादियों को नोटिस जारी किए हैं।

जमीनी हकीकत जानने छनेरा-हरसूद पहुंची, तो नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े हुए।
1. पांच किलोमीटर दूर से 5 गुना महंगी फिटकरी खरीदी
दिसंबर 2024 में छनेरा-हरसूद नगर परिषद ने ‘श्री बालाजी एलम एंड केमिकल फैक्ट्री’ से 10 टन फिटकरी 42 रुपए प्रति किलो की दर से खरीदी। हैरान करने वाली बात यह है कि यह फैक्ट्री छनेरा नगर परिषद से महज 5 किलोमीटर दूर है।वहीं, 30 किलोमीटर दूर स्थित खिरकिया नगर परिषद ने इसी फैक्ट्री से 12 रुपए प्रति किलो और मूंदी नगर परिषद ने 8.5 रुपए प्रति किलो के हिसाब से फिटकरी खरीदी। छनेरा परिषद ने 5 गुना तक ज्यादा दाम चुकाए।

2. किन्नर महासम्मेलन में टॉयलेट के नाम पर फर्जी भुगतान
वर्ष 2024-25 में अखिल भारतीय किन्नर महासम्मेलन के लिए किन्नर समाज ने नगर परिषद का मांगलिक भवन किराए पर लिया था और अपने खर्च पर 30 अस्थायी शौचालय बनवाए थे।आयोजन के बाद नगर परिषद ने इन्हीं 30 शौचालयों के नाम पर प्रति शौचालय 20,793 रुपए के हिसाब से कुल 6,23,790 रुपए का भुगतान रेखा बाई नाम की महिला को कर दिया। रेखा बाई ने भास्कर को बताया, हमने 30 टॉयलेट बनवाने में लगभग 11 लाख रुपए खर्च किए थे।
आयोजन के बाद हम उन्हें तोड़ने वाले थे, लेकिन अध्यक्ष मुकेश वर्मा ने कहा कि इन्हें मत तोड़ो और 3 लाख रुपए ले लो। हमने आम लोगों के भले के लिए 3 लाख रुपए ले लिए। लेकिन परिषद ने कागजों पर 6.23 लाख से ज्यादा का भुगतान दिखाया।

3. घटिया सड़क निर्माण और रिकवरी में खेल
मुख्यमंत्री अधोसंरचना के तहत बनी सड़कों में 2025 की जांच रिपोर्ट में घटिया निर्माण पाया गया और लगभग 20 लाख रुपए की रिकवरी निकाली गई। यह काम खंडवा की ‘पगारे कंस्ट्रक्शन कंपनी’ को मिला था।
कंपनी ने नोटिस का जवाब देते हुए खुलासा किया कि उसने यह काम पेटी कॉन्ट्रैक्ट पर ‘अयोध्या बिल्डइंफ्रा कंपनी’ को दिया था। यह कंपनी नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश वर्मा के बेटे अजय वर्मा की बताई जाती है। रिकवरी का आदेश होने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

4. अध्यक्ष की निजी कॉलोनियों में सरकारी बजट से काम
आरोप ये भी है कि नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश वर्मा ने अपने और अपनी पत्नी रामबाई वर्मा के नाम की जमीनों पर बनी कॉलोनियों में निकाय की मद से सुविधाएं जुटा दीं।
वार्ड क्रमांक 07 में खसरा नंबर 407/4, 411/2 (अध्यक्ष के नाम) और खसरा नंबर 407/5, 406/1, 406/2 (पत्नी के नाम) स्थित प्राइवेट कॉलोनियों में अध्यक्ष बनने के बाद सरकारी पैसे से सड़क, नाली, बिजली और पेयजल की लाइनें बिछवाई गईं।

5. नाले और सरकारी जमीन पर अवैध कॉम्प्लेक्स
अध्यक्ष की जमीन (खसरा क्रमांक 365/6, रकबा 0.8 हेक्टेयर) से लगी हुई सरकारी जमीन और सार्वजनिक नाला (खसरा क्रमांक 366) स्थित है। आरोप है कि अध्यक्ष ने इस सरकारी जमीन पर कब्जा करके अवैध कॉम्प्लेक्स का निर्माण करा लिया।
यह मामला कोर्ट भी गया था, लेकिन इसके बावजूद दोबारा अवैध निर्माण कर लिया गया।
‘घोटालों की जांच की बजाय मुझपर ही कार्रवाई’
शिकायतकर्ता पार्षद अर्जुन सिंह राजपूत का आरोप है कि अध्यक्ष की 6-7 अवैध कॉलोनियां हैं, जहां सरकारी मद से सड़कें व नालियां बनाई गईं। 2 साल से कलेक्टर, मुख्यमंत्री और कमिश्नर तक को सबूतों के साथ शिकायत दी।
वहीं नगर परिषद उपाध्यक्ष द्वारिका प्रसाद प्रजापति का कहना है कि पार्षद अर्जुन सिंह लगातार भ्रष्टाचार के मुद्दे उठा रहे थे, इसीलिए अध्यक्ष ने उन्हें पद से हटवाया। परिषद में खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय शिकायतकर्ता को ही रास्ते से हटाया जा रहा है।

अध्यक्ष की सफाई- पार्षद मुझे ब्लैकमेल कर रहे
नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश वर्मा ने सफाई देते हुए कहा कि मुझ पर लगे सभी आरोप मनगढ़ंत हैं। मेरा मासिक मानदेय 7,000 रुपए से ज्यादा कभी नहीं आया। शिकायत करने वाले पार्षद ने अपने बेटे की शादी के लिए मुझसे 6 लाख रुपए लिए थे।
अब वे और पैसों की मांग कर रहे थे, मना करने पर झूठी शिकायतें कर रहे हैं। इसीलिए सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव लाया था। वहीं फिटकरी, सड़क और टॉयलेट विवाद पर अध्यक्ष ने कहा कि “फिटकरी प्रॉपर टेंडर निकालकर न्यूनतम रेट पर खरीदी गई थी।प्राइवेट कॉलोनी की सड़क दो मुख्य सड़कों को जोड़ने के लिए बनी है और वह जमीन सार्वजनिक कर दी गई है। टॉयलेट का पूरा पेमेंट किया गया था।
