
चीन ने बीते साल गलवान घाटी में भारतीय सैनिकों से हुई झड़प में अपने सिर्फ 4 सैनिकों के ही मरने की बात पिछले दिनों कही थी. चीन ने यह खुलासा भी 8 महीने बाद ही किया था, लेकिन तमाम अन्य मीडिया रिपोर्ट्स से उलट उसने आंकड़ा काफी कम बताया था. अब इस आंकड़े पर सवाल उठाने वाले अपने ही देश के तीन पत्रकारों को चीन ने अरेस्ट कर लिया है. इन पत्रकारों पर पर सेना की शहादत का अपमान करने का आरोप लगाया गया है।
गिरफ्तार किए गए तीन लोगों में से किउ जिमिंग का नाम भी शामिल है। इकनॉमिक ऑब्जर्वर के साथ काम कर चुके 38 वर्षीय किउ को ये आंकड़े जारी किए जाने के बाद शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। बता दें कि एक अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि इस झड़प में चीन के कम से कम 35 सैनिक मारे गए थे।
किउ ने चीन के आंकड़ों को लेकर सोशल मीडिया पर टिप्पणी की थी। इसके साथ ही उन्होंने यह आंकड़ा इतनी देर से जारी करने भी सवाल उठाया था। उन्होंने चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा था, ‘भारत के नजरिए से देखा जाए तो वे जीत भी गए और कीमत भी कम चुकाई।’ जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।
जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए अन्य दो लोग ब्लॉगर हैं। बता दें कि चीन की सेना ने बीते शुक्रवार को बताया था कि इस झड़प में उसके चार सैनिक मारे गए थे और एक सैनिक की बाद में मौत हो गई थी। पिछले साल 15 जून को दोनों पक्ष के बीच हिंसक झड़प हुई थी, जिसके बाद दोनों देशों में तनाव कई गुना बढ़ गया था।