‘पीएम मोदी की तस्वीरों वाले होर्डिंग्स हटाएं’, पेट्रोल पंप डीलरों को चुनाव आयोग का आदेश

भारतीय निर्वाचन आयोग ने बुधवार को सभी पेट्रोल पंप डीलरों और अन्य एजेंसियों को 72 घंटे के भीतर अपने परिसर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर वाले केंद्रीय योजनाओं के होर्डिंग हटाने का निर्देश दिया। राज्य के निर्वाचन कार्यालय के एक अधिकारी ने कोलकाता में यह जानकारी दी।

पश्चिम बंगाल में मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा कि ऐसे होर्डिंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर का इस्तेमाल करना आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। 26 फरवरी को राज्य में विधानसभा चुनाव की तारीखों के एलान के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू है।

इससे पहले दिन में तृणमूल कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से मुलाकात की और आरोप लगाया कि लोगों को केंद्रीय योजनाओं की जानकारी देने के लिए लगाए गए होर्डिंग में प्रधानमंत्री की तस्वीर का उपयोग करना आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है।

 

बंगाल में कुछ ऐसा है विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम:-इस बार पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में विधानसभा चुनाव संपन्न होगा। पिछले विधानसभा चुनाव सात चरणों में संपन्न हुआ था। पहले चरण का मतदान 27 मार्च को पांच जिलों की 30 विधानसभा सीटों पर होगा। दूसरे चरण का मतदान एक अप्रैल को चार जिलों की 30 विधानसभा सीटों पर होगा। तीसरे चरण का चुनाव छह अप्रैल को 31 विधानसभा सीटों पर होगा।

चौथे चरण का मतदान 10 अप्रैल को 44 विधानसभा सीटों पर होगा। पांचवें चरण का मतदान 17 अप्रैल को 44 विधानसभा सीटों पर होगा। छठे चरण में 22 अप्रैल को 43 विधानसभा सीटों पर चुनाव होगा। सातवें चरण में 26 अप्रैल को 36 विधानसभा सीटों पर और अंतिम व आठवें चरण में 29 अप्रैल को 35 विधानसभा सीटों पर चुनाव होगा। वहीं, दो मई को मतगणना होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *