
भारतीय जनता पार्टी के तेज तर्रार युवा सांसद तेजस्वी सूर्या ने गुरुवार को कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के रूप में ममता बनर्जी के उल्टे दिन शुरु हो गए हैं। आने वाले समय में भाजपा पश्चिम बंगाल में 200 से अधिक सीटें जीतने वाली है। 3 मई को राज्य में भाजपा का मुख्यमंत्री शपथ लेगा।तेजस्वी सूर्या ने कहा कि पार्टी 294 सीटों वाली विधानसभा में 200 से ज्यादा सीटें जीतेगी. बंगाल विधानसभा चुनाव 27 मार्च से शुरू होकर आठ चरणों में 29 अप्रैल तक चलेगा.
एएनआई ने सूर्या के हवाले से कहा कि बंगाल में ममता बनर्जी के गिने-चुने दिन ही बाकी हैं, क्योंकि 3 मई को राज्य को BJP का पहला मुख्यमंत्री मिलेगा.सूर्या ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने बंगाल में कम्यूनिस्टों की विरासत को ही आगे बढ़ाया है. लेकिन बीजेपी का मुख्यमंत्री बनने के बाद बंगाल में कोई खूनखराबा या हत्या की राजनीति नहीं होगी.
बंगाल में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने भी दावा किया कि हमने 200 सीटें जीतने के उद्देश्य से 5 साल पहले ही तैयारी शुरू कर थी, जब ममता बनर्जी भारी बहुमत के साथ सत्ता में आई थीं. घोष ने कहा कि निश्चित तौर पर हम 200 से ज्यादा सीटें जीतेंगे, हमने कोई आनन-फानन में तैयारी नहीं की है. घोष ने कहा कि हम चरणबद्ध तरीके से चुनाव में आगे बढ़ेंगे. हमने लोकसभा चुनाव के नतीजे देखे हैं, 2019 में हमने उनको हॉफ किया था और 21 में साफ कर देंगे.
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव आठ चरणों में हो रहा है, यह 27 मार्च से 29 अप्रैल तक चलेगा. चुनाव आयोग ने कहा था कि राजनीतिक हिंसा की आशंका को देखते हुए चुनाव को इतना लंबा रखा गया है. ममता बनर्जी ने आऱोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कहने पर चुनाव को इतना लंबा रखा गया है, क्योंकि वो बीजेपी के स्टार प्रचारक हैं.