केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के विवादित बोल, कहा- अधिकारी आपकी बात न सुनें, तो उन्हें बेंत से मारिए

केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय से सांसद गिरिराज सिंह ने अपने लोकसभा क्षेत्र में एक बार फिर विवादित बयान दिया है. उन्होंने बेगूसराय के लोगों से कहा है कि अगर कोई अधिकारी उनकी बात नहीं सुनता है तो उसे ‘बेंत से मारिए’. अपने बेबाक बयानों के लिए चर्चा में रहने वाले बीजेपी नेता बेगूसराय के खोदवांपुर में स्थित कृषि संस्थान में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे.

मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी विभाग के मंत्री ने कहा कि उन्हें अकसर शिकायत मिलती है कि अधिकारी जनता की शिकायतों पर कान नहीं धरते हैं. सिंह ने कहा, ‘‘मैं उनसे कहना चाहता हूं कि इतनी छोटी बात के लिए मेरे पास क्यों आते हैं. सांसद, विधायक, गांव के मुखिया, डीएम, एसडीएम, बीडीओ…. इन सभी का कर्तव्य जनता की सेवा करना है. अगर वे आपकी बात नहीं सुनते हैं तो दोनों हाथ से बेंत उठाइए और उनके सिर पर दे मारिए.”

उन्होंने कहा, ‘‘अगर इससे भी काम नहीं होता है तो गिरिराज आपके साथ है.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *