Kim Jong Un की बहन ने अमेरिका को दी चेतावनी, चैन से सोना चाहते है तो ….

उत्‍तर कोरिया के क्रूर तानाशाह किम जोंग उन की बेहद शक्तिशाली बहन किम यो जोंग ने अमेरिका के जो बाइडेन प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर वे 4 साल शांति से सोना चाहते हैं तो कलह पैदा करने वाले कदमों से दूर रहें। किम यो जोंग का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब अमेरिका के विदेश मंत्री पहली बार दक्षिण कोरिया और जापान की यात्रा पर   पहुंच रहे हैं।  अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन सोमवार को जापान पहुंचे. यहां उनका फोकस चीन के खिलाफ अपनी सैन्य एकता को बढ़ाना और न्यूक्लियर पॉवर नॉर्थ कोरिया के खिलाफ अपना मोर्चा मजबूत करना है. किम यो जोंग, किम जोंग उन के प्रमुख सलाहकारों में से एक हैं. यह जो बाइडेन के व्हाइट हाउस संभालने के चार महीनों बाद आई उनकी पहली प्रतिक्रिया है. हालांकि, उन्होंने जो बाइडेन को सीधा-सीधा कहीं संबोधित नहीं किया है.

अमेरिका और साउथ कोरिया ने पिछले हफ्ते संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू किया है, जिसके बाद नॉर्थ कोरिया के आधिकारिक न्यूजपेपर रोडॉन्ग सिनमुन पेपर में किम यो जोंग का बयान छपा था. उन्होंने अमेरिका को धमकी स्वरूप सलाह देते हुए कहा था कि ‘हमारे देश में बारूद की बू फैलाने का संघर्ष कर रहे यूनाइटेड स्टेट्स के नए प्रशासन को सलाह है कि अगर आप अगले चार सालों तक अच्छी नींद सोना चाहते हैं, तो अच्छा होगा कि शुरू से ही ऐसे काम न करें जिससे आपको अपनी चैन की नींद खोनी पड़े.’

 

बता दें कि इसके पहले ट्रंप प्रशासन में दोनों देशों के बीच रिश्ते सुधरने की गुंजाइशें दिखी थीं. एक-दूसरे पर हमले करने वाले दोनों नेताओं ने बहुत ही नाटकीय तरीके से एक-दूसरे की ओर हाथ बढ़ाए थे और कई मुलाकातें की थीं. हालांकि, इन मुलाकातों का कोई ठोस नतीजा नहीं निकला. अमेरिका नॉर्थ कोरिया का गैर-परमाण्वीकरण यानी डिन्यूक्लियराइजेशन करना चाहता है. नॉर्थ कोरिया अपने न्यूक्लियर वेपन प्रोग्राम के चलते कई अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों का सामना कर रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *