कुश्ती के फाइनल में मिली हार तो गीता-बबीता फोगाट की बहन रितिका ने कर ली खुदकुशी

दिग्गज महिला रेसलर बहनों गीता फोगाट और बबीता फोगाट की ममेरी बहन रितिका फोगाट ने आत्महत्या कर ली है। 17 साल की रितिका भी पहलवानी करती थी और कहा जा रहा है कि वह राजस्थान में एक राज्यस्तरीय टूर्नमेंट में मिली हार से सदमे में थी। हालांकि पुलिस इसकी सत्यता की जांच कर रही है।

सिर्फ एक पॉइंट से हारी थी रितिका
रिपोर्ट के मुताबिक, रितिका पिछले पांच सालों से अपने फूफा और फोगाट गीता-बबीता के पिता और द्रोणाचार्य अवॉर्ड से सम्मानित महाबीर फोगाट से कुश्ती की ट्रेनिंग ले रही थी। वो अपने बुआ के घर गांव बलाली में ही रहती थी। उसने 12 से 14 मार्च के बीच आयोजित स्टेट लेवल सब जूनियर टूर्नमेंट में हिस्सा लिया था। रितिका ने 53 किलोग्राम भारवर्ग में हिस्सा लिया था। 14 मार्च को इसका फाइनल मुकाबला था और रितिका महज एक पॉइंट से हार गई। बताया जाता है कि वो यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकी और अगले ही 17 मार्च की रात को दुपट्टे से फांसी लगा ली।

चरखी दादरी के डीएसपी राम सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि रितिका राजस्थान में एक रेसलिंग टूर्नमेंट में हिस्सा लेने गई थी। उसे वहां हार झेलनी पड़ी थी। बिश्नोई ने कहा कि मौत के पीछे राजस्थान के उस टूर्नमेंट में मिली हार भी कारण हो सकता है। हालांकि इसकी जांच चल रही है।

सांसद वीके सिंह ने कहा- बढ़ रहा एथलीटों पर दबाव
लोकसभा सांसद और पूर्व आर्मी चीफ जनरल वीके सिंह ने रितिका की मौत पर दुख जताया। उन्होंने कहा, “काफी बुरी खबर है कि हमने रितिका फोगाट को खो दिया है जिसका शानदार कैरियर इंतजार कर रहा था। एक दशक पहले की दुनिया अब बिल्कुल बदल गई है। एथलीट दबाव महसूस कर रहे हैं जो पहले नहीं होता था। उनकी इन दबावों को झेलने की कला उनकी ट्रेनिंग का अनिवार्य हिस्सा होना चाहिए।”

महावीर फोगाट भी थे टूर्नमेंट में मौजूद
बताया जा रहा है कि रितिका के फूफा महावीर फोगाट भी उस टूर्नमेंट में मौजूद थे जिसमें मिली हार ने रितिका का मनोबल चकनाचूर कर दिया। बहरहाल, रितिका के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार वालों को सौंप दिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *