
सोशल मीडिया की दुनिया में बिजनेसमैन हर्ष गोयनका काफी एक्टिव रहते हैं. उनके द्वारा शेयर किए गए पोस्ट यूजर्स को काफी पंसद आते हैं. आलम ये है कि उनके फॉलोअर्स उन्हें मजेदार ट्वीट और जोक्स के लिए जानते हैं. इस बार उन्होंने दिल छू लेने वाली तस्वीर शेयर की है. जहां एक महिला झोले में बच्चे को लेकर बारात में दूल्हे के पीछे सिर पर लाइट लेकर चल रही थी. ट्विटर पर यूजर्स ने इस तस्वीर को काफी भावुक बताया और मां की हिम्मत और जज्बे को सलाम किया.

तस्वीर में देखा जा सकता है कि बारात में दूल्हे घोड़ी के ऊपर बैठा है. वहीं एक महिला सिर पर लाइट लेकर खड़ी है. उसके कंधे पर एक झोला लटका हुआ है, जिसमें बच्चा सो रहा है. हर्ष गोयनका ने तस्वीर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘मुझे लगता है कि मैं कभी-कभी बहुत मेहनत करता हूं और फिर मैंने यह तस्वीर देखी. मेरा सैल्यूट है आपको.’
इस तस्वीर को उन्होंने 21 मार्च की शाम को शेयर किया था, जिसके अब तक 13 हजार से ज्यादा लाइक्स और डेढ़ हजार से ज्यादा रि-ट्वीट्स हो चुके हैं. कमेंट सेक्शन में बॉलीवुड एक्ट्रेस सिमी गरेवाल ने भी रिएक्शन दिया है. उन्होंने लिखा, ‘और वो झोली में बच्चे को भी कैरी की हुई हैं.’