
भारत में बढ़ते कोरोना वायरस के मामलों को देखते हुए केंद्र सरकार ने 01 मई 2021 से 18 से ज्यादा उम्र के सभी लोगों के लिए वैक्सीनेशन प्रोग्राम शुरू कर दिया है। लेकिन देश के कई राज्यों में वैक्सीन की कमी की वजह 18+ वालों को वैक्सीनेट नहीं किया गया। टीकों की कमी के कारण, महाराष्ट्र और दिल्ली सहित कई राज्यों ने 18-44 उम्र के टीकाकरण में देरी की है। सिर्फ 11 राज्यों के कुछ जिलों में ही 18+ को वैक्सीन दी जा रही है। 01 मई को 18-44 सालों के सिर्फ 86 हजार लोगों को वैक्सीनेट किया गया। देश भर में कोरोना वैक्सीन की कमी के बीच सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अदार पूनावाला ने कहा है कि भारत में वैक्सीन की कमी मई में ही खत्म नहीं होने वाली है, बल्कि वैक्सीन आपूर्ति में कमी जुलाई तक चलेगी।
फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अदार पूनावाला ने कहा है कि वैक्सीन का उत्पादन जुलाई में बढ़ने की उम्मीद है. इस दौरान उत्पादन हर महीने 6-7 करोड़ से 10 करोड़ तक बढ़ जाएगा. दरअसल, भारत में 1 मई से 18 साल से ऊपर के सभी लोगों को वैक्सीन लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. लेकिन अभी भी ऐसे कई राज्य हैं जो वैक्सीन की कमी के चलते टीकाकरण के इस तीसरे चरण को शुरू नहीं कर पाए हैं.
”SII को बदनाम करने की कोशिश की गई”:-फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट में पूनावाला के हवाले से बताया गया है कि कोरोना के मामलों में जब कमी आने लगी तो अधिकारियों को बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि भारत को कोरोना की दूसरी लहर का सामना करना पड़ सकता है. पूनावाला ने कहा कि वैक्सीन की कमी को लेकर राजनेताओं और आलोचकों ने SII को बदनाम करने की कोशिश की.रिपोर्ट के मुताबिक, पूनावाला ने कहा हमने पहले दवाओं का उत्पादन नहीं बढ़ाया था क्योंकि हमें इसके लिए आदेश नहीं मिले थे. हमें नहीं लगा कि हमें पूरे साल में 1 बिलियन से ज्यादा वैक्सीन का उत्पादन करने की जरूरत पड़ेगी.
कुछ दिनों में भारत लौटेंगे अदार पूनावाला:-इससे पहले अदार पूनावाला ने कहा था कि वह कुछ दिनों में लंदन से भारत लौटेंगे. पूनावाला ने भारत के कोरोना वायरस महामारी की दूसरी खतरनाक लहर से जूझने के कारण बढ़ी मांग को पूरा करने के लिए कोविड-19 रोधी टीके के उत्पादन को लेकर उन पर बढ़े दबाव के बारे में बात की थी, जिसके बाद उन्होंने भारत लौटने की घोषणा की.
पूनावाला ने मध्यरात्रि को एक ट्वीट किया, ‘‘ब्रिटेन में अपने सभी साझेदारों और सभी पक्षों के साथ शानदार बैठक हुई. इस बीच यह बताते हुए खुशी हो रही है कि पुणे में कोविशील्ड का उत्पादन पूरे जोर से चल रहा है. कुछ दिनों में लौटने पर मैं काम की समीक्षा करने के लिए उत्साहित हूं.’’
सरकारी सुरक्षा दिए जाने के बाद अपनी पहली टिप्पणी में पूनावाला ने लंदन के अखबार ‘दि टाइम्स’ के साथ बातचीत में शनिवार को कहा था कि कोविशील्ड वैक्सीन की आपूर्ति की मांग को लेकर भारत के सबसे शक्तिशाली लोगों में से कुछ ने उनसे फोन पर उग्रतापूर्वक बातें की हैं. सीआईआई भारत में ऑक्सफोर्ड/ एस्ट्राजेनिका की कोविड-19 वैक्सीन कोविशील्ड का उत्पादन कर रही है.