
साउथ फिल्मों के सबसे बड़े स्टार कमल हासन के चाहने वाले आपको हिंदुस्तान के हर कोने में मिल जाएंगे. अक्सर अभिनेता चुनावों में अपनी इसी लोकप्रियता को भुनाने की कोशिश करते हैं. ऐसा ही इस बार कमल हासन ने भी किया लेकिन बदकिस्मती से लोगों ने उनकी बजाय किसी और उम्मीदवार को चुना. 66 वर्षीय अभिनेता और राजनेता कमल हासन ने कोयम्बटूर दक्षिण विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था. मगर उन्हें हार का सामना करना पड़ा.

तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव 6 अप्रैल को हुए थे. मतगणना कल सुबह 8 बजे शुरू हुई. हालाँकि, 66 वर्षीय कमल हासन, मतगणना के शुरुआती घंटों के दौरान अग्रणी रहे, लेकिन भाजपा की वनाथी श्रीनिवासन ने उन्हें शाम 6 बजे पछाड़ दिया और अंततः लगभग 1,500 मतों से चुनाव जीत गईं. उनकी हार पर बेटी श्रुति हसन ने रिएक्शन दिया है. जो कि सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
श्रुति हासन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपने पिता की फोटो पोस्ट करते हुए लिखा, ‘आप पर मुझे हमेशा गर्व रहेगा अप्पा.’ इसके साथ ही उन्होंने #Terminator और #TheFighter हैशटैग भी डाले. अप्रैल में, श्रुति और उनकी छोटी बहन अक्षरा अपने पिता के साथ मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने वोट डाले थे. श्रुति हासन ने परिवार के साथ फोटो शेयर की थी और कैप्शन में लिखा था, ‘वोट करने का समय.’ इस फोटो को सोशल मीडिया पर जमकर पसंद किया गया था.
श्रुति हासन ने उस समय मीडिया से बातचीत में कहा था, “मैं उनके (कमल हासन) साथ में हूं. मैं सिर्फ एक बेटी के रूप में उनका समर्थन करने आई हूं. मुझे उम्मीद है कि सब कुछ सही तरीके से होगा.” कमल हासन कुल वोट शेयर (33.26 प्रतिशत) में से एक तिहाई को सुरक्षित करने में कामयाब रहे, जबकि भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार वनाथी श्रीनिवासन ने 34.38 प्रतिशत वोट हासिल कर जीत दर्ज की.
तमिलनाडु में चुनाव नतीजे घोषित होने पर ट्विटर पर कमल हासन ने मतदान करने वाले सभी लोगों को धन्यवाद दिया और कहा कि वह राज्य की मिट्टी, भूमि और लोगों की रक्षा करना जारी रखेंगे. इसके साथ ही उन्होंने द्रमुक प्रमुख एमके स्टालिन को चुनावों में जीत के लिए बधाई भी दी. कमल हासन की पार्टी का नाम मक्कल नीडि माईम है जिसका अर्थ है “पीपुल्स जस्टिस सेंटर.