COVID-19: कोरोना से उबरने के कितने दिनों बाद लगावाएं वैक्सीन? एक्सपर्ट्स से समझें

कोविड -19 वैक्सीन की सीमित सप्लाई ने टीकाकरण अभियान को धीमा कर दिया है. यही वजह है कि देश भर में कई लोगों को स्लॉट बुक करने में परेशानी हो रही है. वहीं वैक्सीनेशन को लेकर आम जनता के बीच कई सवाल हैं जो लगातार सोशल मीडिया से लेकर पब्लिक प्लैटफॉर्म पर पूछे जा रहे हैं. इन सवालों में सबसे ज्यादा ये पूछा जा रहा है कि कोविड-19 का पहला टीका लगवाने के बाद दूसरे टीके में कितना अंतर होना चाहिये, या पहला टीका लगाने के बाद अगर आप संक्रमित हो जाते हैं तो क्या करना चाहिए?

हालांकि, अभी भी यह बात साफ नहीं हो पाई है कि संक्रमण से उबरने के बाद टीका प्राप्त करने से पहले कितने दिनों तक इंतजार करना चाहिए. अमेरिकी स्वास्थ्य एजेंसी सेंटर्स फॉर डिसीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के मुताबिक, अगर व्यक्ति ने वैक्सीन नहीं लगवाई है, तो उन्हें कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव आने के पहले दिन से 90 दिनों तक इंतजार करना चाहिए. द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में इम्यूनोलॉजिस्ट डॉक्टर विनीता बाल ने बताया कि रिकवरी होने के बाद 6-8 हफ्तों तक इंतजार करना चाहिए.

वहीं, वैक्सीन साइंटिस्ट डॉक्टर गगनदीप कांग ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा कि 6 महीनों का इंतजार करना बेहतर है. विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि प्राकृतिक संक्रमण के बाद टीकाकरण को 6 महीने तक टालना बेहतर है. क्योंकि नेचुरल एंटीबॉडी के इतने समय तक शरीर में बने रहने की संभावना है. ऐसे में अगर कोई व्यक्ति पहले डोज के बाद संक्रमित होता है, तो उन्हें पॉजिटिव आने के 8 हफ्तों के बाद दूसरा डोज दिया जा सकता है.

संक्रमण के बाद शरीर एंटीबॉडीज तैयार करना शुरू कर देती है और यह वैक्सीन प्राप्त करने के समान है. हालांकि, दूसरा डोज लेने से पहले एक्सपर्ट्स कम से कम 8 हफ्तों का इंतजार करने की सलाह देते हैं. फिलहाल वैज्ञानिक प्राकृतिक और वैक्सीन से प्राप्त इम्युनिटी के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं. सीडीसी के मुताबिक, टीकाकरण के बाद शरीर को सुरक्षा तैयार करने में करीब 2 हफ्तों का समय लगता है. ऐसे में कोरोना वायरस से संक्रमित होने की संभावनाएं हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *